हाउस टैक्स पर आर-पार की तैयारी, गाजियाबाद की हर RWA को एक मंच पर लाएगा फेडरेशन
RWA फेडरेशन गाजियाबाद की पहली कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन
जोनवार रिक्त पद भरने और आरटीआई गतिविधियों को फेडरेशन से जोड़ने पर बनी सहमति
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। RWA फेडरेशन गाजियाबाद की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक शनिवार को गुलमोहर एनक्लेव के कम्युनिटी हॉल में हुई। बैठक में फेडरेशन के विस्तार, सभी जोन को सक्रिय करने और शहर की अधिक से अधिक आरडब्ल्यूए व सामाजिक संगठनों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई। बढ़े हुए हाउस टैक्स के खिलाफ सामूहिक अभियान चलाने को भी प्रमुखता दी गई।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़े हाउस टैक्स से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निवासी और संपत्ति मालिक प्रभावित हैं। फेडरेशन आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय कर संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को उठाएगा। जरूरत पड़ने पर आपत्ति दर्ज कराने और व्यापक अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
जोनवार रिक्त पद भरे जाएंगे
फेडरेशन के विभिन्न जोन में रिक्त पदों पर सक्रिय और योग्य सदस्यों को जिम्मेदारी देने पर विचार हुआ। संबंधित जोन के वाइस चेयरमैन सदस्यों के नाम प्रस्तावित करेंगे। प्रत्येक जोन के वाइस चेयरमैन अपने क्षेत्र से अधिकतम दो इच्छुक और सक्रिय सदस्यों को बैठक में लाकर उनका परिचय कराते हुए संगठन से जोड़ने का प्रस्ताव रख सकेंगे।
पदाधिकारियों को उनके दायित्व और कार्यक्षेत्र की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया गया कि फेडरेशन को केवल पदों तक सीमित न रखकर जमीनी स्तर पर सक्रिय संगठन बनाया जाएगा।

आरटीआई गतिविधियों को मिलेगा फेडरेशन का मंच
बैठक में शहर में चल रही आरटीआई गतिविधियों को फेडरेशन से जोड़ने पर भी सहमति बनी। आरटीआई के माध्यम से जनहित के मुद्दों पर आवश्यक जानकारी जुटाकर संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष प्रभावी तरीके से मामले उठाने की योजना है। इसी क्रम में एडवोकेट आकाश वशिष्ठ को महासचिव और एडवोकेट मुकेश गुप्ता को सचिव मनोनीत किया गया।
दो पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी
संगठन को जोन स्तर पर सक्रिय करने के लिए कविनगर जोन से आर.डी. गोयल को वाइस चेयरमैन तथा वसुंधरा जोन से संतोष शर्मा को सचिव की जिम्मेदारी दी गई। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इससे संबंधित क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए और निवासियों की समस्याओं को फेडरेशन के मंच पर अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
हर आरडब्ल्यूए की आवाज बनना लक्ष्य
फेडरेशन के चेयरमैन आर.के. गर्ग ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पदाधिकारियों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि गाजियाबाद की प्रत्येक आरडब्ल्यूए और निवासियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना है।
उन्होंने कहा,
“फेडरेशन को हर आरडब्ल्यूए की आवाज बनाना हमारा लक्ष्य है। सभी जोन को सक्रिय कर अधिक से अधिक आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा।”
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की अपील की। बैठक में यह भी तय हुआ कि जरूरत पड़ने पर फेडरेशन सामूहिक रूप से संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता करेगा।
बैठक में आर.के. गर्ग, प्रीतम लाल, महेश गौतम, आर.डी. गोयल, राजीव अग्रवाल, रामकिशन शर्मा, बी.पी. गुप्ता, देवव्रत चौधरी, के.एल. मल्होत्रा, के.के. शर्मा, डॉ. आर.के. त्यागी, गौरव बंसल, नरेश चंद गौतम, आकाश वशिष्ठ और मुकेश मनोहर अग्रवाल सहित फेडरेशन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
मीडिया प्रभारी गौरव बंसल ने फेडरेशन की गतिविधियों और आरडब्ल्यूए से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। अध्यक्ष आर.के. गर्ग की अनुमति से अन्य आवश्यक विषयों पर भी चर्चा हुई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने फेडरेशन को मजबूत और सक्रिय बनाकर आरडब्ल्यूए व निवासियों की समस्याओं के लिए प्रभावी मंच बनाने का संकल्प लिया।

I have conducted a number of elections of various trade unions as a Returning officer and wherever there was contraversy for one or two seats, only those were kept in abeyance but the process of election was never distributed. The SC ruling is very clear in this regard. How the Court can interfere in the Jurisdiction of other constitutional authority is a matter of concern as the UP Apartment Act No 16 of 2010 and Model Bye laws framed provide absolute clarity in this regard.