मेंटेनेंस शुल्क में 30% बढ़ोतरी के खिलाफ विंडसर-नोवा के रेजिडेंट्स लामबंद
जॉगर्स पार्क में हुई अहम बैठक, डिप्टी रजिस्ट्रार को सौंपा जाएगा हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक पत्र
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की विंडसर और नोवा टावर सोसायटियों में प्रस्तावित 30 प्रतिशत मेंटेनेंस शुल्क वृद्धि को लेकर रेजिडेंट्स का विरोध अब खुलकर सामने आ गया है। रविवार को जॉगर्स पार्क में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बड़ी संख्या में रेजिडेंट्स जुटे और प्रस्तावित बढ़ोतरी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे लेकर अपनी असहमति दर्ज कराई।
बैठक में रेजिडेंट्स ने एकमत से निर्णय लिया कि 30 प्रतिशत शुल्क वृद्धि के विरोध में हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक पत्र डिप्टी रजिस्ट्रार को सौंपा जाएगा। रेजिडेंट्स का कहना है कि बिना पर्याप्त वित्तीय पारदर्शिता और ठोस आधार बताए मेंटेनेंस शुल्क में इतनी बड़ी वृद्धि स्वीकार नहीं की जा सकती।

रेजिडेंट्स ने साफ कहा कि शुल्क बढ़ाने से पहले आय-व्यय का पूरा विवरण, प्रस्तावित वृद्धि की वास्तविक आवश्यकता और उसके ठोस कारण सभी रेजिडेंट्स के सामने रखे जाने चाहिए। उनका सवाल है कि आखिर किस वित्तीय आधार पर 30 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित की गई है और क्या इस संबंध में रेजिडेंट्स की पर्याप्त सहमति ली गई है?
बैठक में मौजूद रेजिडेंट्स ने अन्य निवासियों से भी अपील की कि वे इस मुद्दे पर एकजुट होकर सामूहिक रूप से अपनी आवाज उठाएं। मेंटेनेंस शुल्क में बढ़ोतरी अब सिर्फ पैसों का सवाल नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और रेजिडेंट्स की भागीदारी का मुद्दा बनती जा रही है।
