सातवें दिन भी नहीं थमा KDP ग्रैंड सवाना का धरना!
कॉमन गेस्ट हाउस बचाने की मुहिम तेज, 100 से अधिक निवासी उतरे धरने में
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सवाना में कॉमन गेस्ट हाउस को सोसायटी के हित में सुरक्षित रखने की मांग को लेकर निवासियों का शांतिपूर्ण धरना सातवें दिन भी जारी रहा। दिन गुजरने के साथ धरने को मिलने वाला समर्थन भी बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 100 से अधिक निवासी धरना स्थल पर पहुंचे और मुहिम के समर्थन में आवाज बुलंद की।
निवासियों का कहना है कि यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि सोसायटी की साझा संपत्ति, कॉमन एरिया और निवासियों के अधिकारों की रक्षा का मामला है।

कॉमन एरिया में कथित निर्माण पर उठे सवाल
निवासियों ने संबंधित प्राधिकरण से मांग की है कि कॉमन गेस्ट हाउस क्षेत्र में चल रहे कथित निर्माण/परिवर्तन की तत्काल जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि सोसायटी की साझा संपत्ति से जुड़े किसी भी बदलाव में पारदर्शिता और निवासियों के हित सर्वोपरि होने चाहिए।
सात दिन बाद भी धरना जारी, बढ़ता जा रहा कारवां
निवासियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं। उनका दावा है कि हर गुजरते दिन के साथ अधिक निवासी इस मुहिम से जुड़ रहे हैं। अब नजर संबंधित प्राधिकरण की कार्रवाई पर है कि कॉमन गेस्ट हाउस से जुड़े विवाद पर जांच और स्थिति स्पष्ट करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
धरने में अजय रस्तोगी, गगन सरन गुप्ता, हरिओम शर्मा, आर.पी. सिंह, जसबीर सिंह, भूप सिंह, अखिल गुप्ता, विशाल वोहरा, कुलदीप जैन, भार्गव समेत बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए।
