September 24, 2026
[t4b-ticker]

ग्रेटर नोएडा में गूंजेगी अमरोहा की ढोलक, दुनिया देखेगी स्थानीय हुनर

0
F2

प्रतीकात्मक इमेज

UPITS-2026 में 6 प्रमुख इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय मंच, हॉल 9 से 16 तक दिखेगा अमरोहा का जलवा

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

ग्रेटर नोएडा/अमरोहा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) में अमरोहा के पारंपरिक शिल्प, हथकरघा, काष्ठ कला और स्थानीय स्वाद को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। जिले की 6 प्रमुख इकाइयां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।

हॉल-11 में बजेगी जीआई टैग वाली ढोलक

अमरोहा की पहचान बनी हस्तनिर्मित ढोलक हॉल नंबर 11 में आकर्षण का केंद्र होगी। जीआई टैग श्रेणी में मैसर्स आर्टीजन वेलफेयर सोसाइटी आम और शीशम की लकड़ी से तैयार ढोलक प्रदर्शित करेगी। विदेशी खरीदारों के सामने यह प्रस्तुति स्थानीय वाद्य निर्माताओं के लिए निर्यात के नए अवसर खोल सकती है।

हॉल-16 में छाएगा अमरोहा का ‘सेव’

ODOP के तहत अमरोहा का मशहूर नमकीन सेव हॉल नंबर 16 में प्रदर्शित होगा। मैसर्स फैमस स्वीट्स सेन्टर के स्टॉल पर पारंपरिक सेव विदेशी और देशी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

हैंडलूम से काष्ठ कला और कंबल तक

अमरोहा के अन्य उत्पाद भी अलग-अलग हॉल में सजेंगे। हॉल-9 में गुलफाम अहमद की कॉटन बेडशीट, दरी और चादरें, हॉल-10 में मैसर्स अनीस हैण्डलूम एंड रेडीमेड गारमेंट्स के हैंडलूम व रेडीमेड उत्पाद, हॉल-14 में मैसर्स एमजीए डिजाइन की वुडन हैंडीक्राफ्ट और हॉल-15 में मैसर्स प्रकाश वुलेन के कंबल प्रदर्शित किए जाएंगे।

स्थानीय बाजार से वैश्विक सप्लाई चेन तक

करीब 1.10 लाख वर्ग मीटर में आयोजित ट्रेड शो में लगभग 1.5 लाख B2B खरीदार और 4.5 लाख से अधिक B2C आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। इससे अमरोहा के छोटे उद्यमियों को विदेशी खरीदारों, निर्यातकों और बड़े कारोबारी समूहों से सीधे संपर्क का अवसर मिलेगा।

उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेड शो जिले के पारंपरिक दस्तकारों और नए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!