NEET-PG में गाजियाबाद की बेटी ने लहराया सफलता का परचम!
गुलमोहर एन्क्लेव की डॉ. सोनी शर्मा ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर हासिल की कामयाबी
परिवार और सोसायटी में खुशी की लहर
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी की डॉ. सोनी शर्मा ने NEET-PG परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार के साथ-साथ सोसायटी का नाम भी रोशन किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही सोसायटी में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदारों, मित्रों, शुभचिंतकों और सोसायटी के निवासियों ने घर पहुंचकर और फोन के माध्यम से उन्हें बधाई दी।
डॉ. सोनी ने वर्ष 2024 बैच में वाराणसी से MBBS की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कार्यरत हैं। NEET-PG में सफलता के बाद अब उनकी रैंक के आधार पर काउंसलिंग के माध्यम से PG सीट मिलने की संभावना है। परिवार के मुताबिक, डॉ. सोनी ने नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत और निरंतर तैयारी के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
परिवार में शिक्षा का मजबूत आधार

डॉ. सोनी के बड़े भाई शिवम शर्मा आर्किटेक्ट हैं। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया से मास्टर ऑफ आर्किटेक्चर की शिक्षा प्राप्त की है और राजनगर आरडीसी में अपना कार्यालय संचालित करते हैं। वहीं छोटे भाई कौशल शर्मा पांडिचेरी से MBBS की द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।
डॉ. सोनी के पिता राजकिशोर धतूरीवाला एडवोकेट इलेक्ट्रिकल इंजीनियर होने के साथ LLM की शिक्षा प्राप्त कर वकालत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी माता प्रभा शर्मा भी व्यवसाय के साथ वकालत के क्षेत्र से जुड़ी हैं।
सोसायटी ने दी बधाई
गुलमोहर एन्क्लेव की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने डॉ. सोनी शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. सोनी ने अपने परिवार के साथ-साथ गुलमोहर एन्क्लेव का भी गौरव बढ़ाया है।
