इंदिरापुरम में युवक पर चाकू से वार, पत्नी समेत दो हिरासत में!
प्रतीकात्मक इमेज
डायल-112 पर मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची टीम, घायल शशांक का अस्पताल में उपचार जारी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में सोमवार को एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले में घायल की पत्नी प्रिया और प्रताप सिंह नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसीपी सूर्यबली मौर्य, इंदिरापुरम के अनुसार, सोमवार को थाना इंदिरापुरम को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि वसुंधरा सेक्टर-1 में शशांक नामक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
पत्नी समेत दो लोग हिरासत में, पूछताछ जारी
एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, मामले में प्रताप सिंह और घायल शशांक की पत्नी प्रिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिवारजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
फिलहाल, हमले के पीछे की वजह और हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
