गौड़ कास्केड्स में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती श्रद्धा, संकल्प और राष्ट्रभाव के साथ मनाई गई!
NEWS1UP
संवाददाता
गाज़ियाबाद। देश के पूर्व प्रधानमंत्री “भारत रत्न” श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई के 101वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर आज को राजनगर एक्सटेंशन की गौड़ कास्केड्स सोसाइटी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के बूथ संख्या 1129 द्वारा इस अनुशासित एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन अटल जी के प्रति श्रद्धा ही नहीं, बल्कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त प्रयास रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सोसाइटी निवासियों ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके राष्ट्रप्रथम, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से ओतप्रोत विचारों को साझा किया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारत की आत्मा के स्वर थे, जिन्होंने राजनीति को मर्यादा, संवाद और संवेदनशीलता की ऊँचाई प्रदान की।

वक्ताओं ने अटल जी के जीवन के विविध पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चाहे पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, सर्वदलीय समन्वय या फिर कवि हृदय से निकली उनकी ओजस्वी वाणी—हर क्षेत्र में अटल जी ने भारत को आत्मविश्वास और वैश्विक सम्मान दिलाया। उनका जीवन आज भी युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा-पुंज है।

अनुज शर्मा ने बताया कि आयोजन महानगर भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल एवं मंडल अध्यक्ष हेमन्त त्यागी के दिशा-निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिससे संगठनात्मक एकता, अनुशासन और वैचारिक प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम के दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति के नारों और अटल जी के विचारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम बूथ अध्यक्ष अनुज शर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। बूथ लेवल की टीम के संजीव मलिक, निधि शर्मा, नवनीत कुमार, मदन मोहन विज, राजेन्द्र बहल, अनुज राठी, मिली श्रीवास्तव, विजय सिंह, द्विवेदी जी, अंजू मलिक, शोभित गोयल, वरुण, राज उपाध्याय, हरीश नेहरा, एस. के. सिन्हा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं सोसाइटी निवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने यह संकल्प लिया कि वे अटल बिहारी वाजपेई जी के आदर्शों, राष्ट्रहित सर्वोपरि, सेवा, समर्पण और सुशासन को अपने जीवन और सामाजिक दायित्वों में आत्मसात करेंगे।
