February 20, 2026

विधायक कॉलोनी में महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण!

0
5
0

रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और ठंडाई-प्रसाद वितरण के बीच ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा परिसर!

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। विधायक कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व पूरे धार्मिक उल्लास, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा।

पर्व के अवसर पर मंदिर को फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया था। सुबह विशेष अभिषेक के साथ पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हुआ, जिसमें भक्तों ने भगवान शिव का जल, दुग्ध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। 

रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की देखरेख में पूरे कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।  इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई और प्रसाद का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने इसमें सहभागिता की। आयोजन में शामिल लोगों ने इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का प्रतीक बताया।

रेजीडेंट्स वेलफेयर के पदाधिकारियों ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह समाज को जोड़ने का भी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी निवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और अधिक भव्य बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!