आवारा कुत्ते ने बच्चे का चेहरा नोचा, जमीन पर गिरी आंख !
घर के बाहर खेल रहा था बच्चा
अचानक झपटे आवारा कुत्ते ने चेहरे को बनाया निशाना
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
तेलंगाना/यादाद्री भुवनगिरि। एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरि जिले में आवारा कुत्ते के हमले में चार साल के मासूम ने अपनी एक आंख हमेशा के लिए खो दी। मासूम के साथ हुई इस भयावह घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
खेलते-खेलते बना शिकार
बताया जा रहा है कि बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुत्ते ने सीधे बच्चे के चेहरे को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बच्चे की आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आंख की पुतली बाहर निकलकर जमीन पर जा गिरी।
अफरा-तफरी और तुरंत इलाज
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत बच्चे को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चा अब खतरे से बाहर है और उसकी दूसरी आंख सुरक्षित है।
सांसद ने लिया संज्ञान
भोंगीर से सांसद चमाला किरण रेड्डी ने इस घटना पर गंभीरता दिखाते हुए जिला प्रशासन से बातचीत की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि बच्चे के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
बढ़ते खतरे पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे को लेकर बहस छेड़ दी है। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही, आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए लागू एनिमल बर्थ कंट्रोल नियम (ABC) कानून की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
दहशत में लोग, जवाब के इंतजार में शहर
इलाके के लोगों में डर का माहौल है। बच्चों को घर से बाहर खेलने भेजने में अभिभावक डर रहे हैं। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी और प्रशासन कब जागेगा ?
