Officer City-2 में AOA चुनाव का ऐलान: पहली बार बिना “चुनावी खर्च” के होगा मतदान!
सिर्फ नामांकन शुल्क से होगा चुनाव
अतिरिक्त खर्च पर पूरी तरह रोक
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाज़ियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसाइटी में AOA चुनाव को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नामित चुनाव अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, सोसाइटी में चुनावी प्रक्रिया 30 मार्च 2026 से शुरू होकर 19 अप्रैल 2026 को मतदान और परिणाम के साथ पूर्ण होगी।
लेकिन इस चुनाव की सबसे खास और चर्चा में रहने वाली बात यह है कि इस बार चुनाव केवल उम्मीदवारों से ली जाने वाली नामांकन राशि से ही संपन्न कराया जाएगा। कोई अतिरिक्त “चुनावी खर्च” नहीं लिया जाएगा, जो अब तक आम प्रथा रही है।
पूरा चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
30 मार्च 2026 (शाम 6 बजे): अंतिम वोटर लिस्ट जारी
09 अप्रैल 2026: आपत्तियाँ जमा करने की अंतिम तिथि
10 अप्रैल 2026 (शाम 4 बजे): अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित
10 अप्रैल 2026 (शाम 4:15 बजे): नामांकन पत्र वितरण
11 अप्रैल 2026 (शाम 5 बजे): नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि
12 अप्रैल 2026 (दोपहर 12 बजे): नामांकन वापसी की अंतिम तिथि
12 अप्रैल 2026 (शाम 5 बजे): फाइनल कैंडिडेट लिस्ट जारी
19 अप्रैल 2026 (सुबह 10 से 3 बजे): मतदान
19 अप्रैल 2026 (शाम 3:15 बजे से): मतगणना
19 अप्रैल 2026: परिणाम घोषणा
क्यों खास है यह चुनाव ?

अब तक अधिकतर सोसाइटियों में नामित चुनाव अधिकारी चुनाव कराने के नाम पर उम्मीदवारों से नामांकन शुल्क के अलावा भारी “चुनावी खर्च” भी लेते रहे हैं। लेकिन ऑफिसर सिटी-2 में यह परंपरा टूटती नजर आ रही है। यहाँ चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और कम खर्चीला बनाया जा रहा है।
यह पहल बनी बदलाव की वजह

इस बड़े बदलाव के पीछे सोसाइटी के पूर्व/कालातीत अध्यक्ष गौरव सोनी की अहम भूमिका सामने आई है। उन्होंने 18 मार्च को डिप्टी रजिस्ट्रार को विशेष पत्र लिखकर चुनाव में अतिरिक्त खर्च न लेने की मांग की थी। उनकी इस पहल का असर अब साफ दिखाई दे रहा है, जिससे निवासियों में उत्साह और भरोसा दोनों बढ़ा है।
गौरतलब है कि नियमित चुनाव अधिकारी ने चुनाव खर्च के नाम पर सोसाइटी से 75000 रुपए की मांग की थी। कालातीत एओए लगातार इस खर्च को सोसाइटी पर अतिरिक्त भार बताते हुए न देने पर अडिग थी।
सोसाइटी में क्या है माहौल ?
स्थानीय निवासियों के बीच इस फैसले को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इससे जहाँ एक तरफ पारदर्शिता की उम्मीद बढ़ी है, वहीँ दूसरी ओर “पैसे का खेल” कम होने की संभावना जताई जा रही है। इससे आम सदस्यों के लिए चुनाव लड़ना आसान माना जा रहा है।
क्या यह बनेगा नया ट्रेंड ?
Officer City-2 का यह मॉडल अब अन्य सोसाइटियों के लिए मिसाल बन सकता है। अगर यह चुनाव सफलतापूर्वक निष्पक्ष तरीके से संपन्न होता है, तो आने वाले समय में “नो एक्स्ट्रा चार्ज” चुनाव मॉडल NCR की अन्य सोसाइटियों में भी लागू हो सकता है
राजनगर एक्सटेंशन की Officer City-2 सोसाइटी का यह चुनाव सिर्फ एक सामान्य AOA चुनाव नहीं, बल्कि पारदर्शिता, सुधार और सिस्टम में बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
