दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मौत को मात देता मंजर, हवा में उछली होंडा सिटी और…

0
0
0

फिर जो हुआ, उसने सबको सन्न कर दिया !

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे लाल कुआं के पास आईएमएस कॉलेज के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-नोएडा की ओर से आ रही तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिसमें एक कार हवा में उछलकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि डिवाइडर की रेलिंग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होंडा सिटी (नंबर HR05BM 5870), i10 (नंबर UP14EC 448) और एक स्विफ्ट डिज़ायर तेज रफ्तार में लगभग साथ-साथ चल रही थीं। इसी दौरान एक वाहन द्वारा बीच से ओवरटेक करने के प्रयास में संतुलन बिगड़ गया। होंडा सिटी पहले डिज़ायर से साइड में टकराई और उसके बाद i10 के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि होंडा सिटी अनियंत्रित होकर हवा में उछल गई और पलटकर विपरीत दिशा में जा गिरी।

घबराया सिमरत महला

हादसे में होंडा सिटी में सवार 16 वर्षीय समरित महला और चालक अफ़ज़ल कार में फंस गए। सूचना मिलते ही एनएचएआई का त्वरित बचाव दल मौके पर पहुंचा और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। आश्चर्यजनक रूप से इतनी भीषण दुर्घटना के बावजूद दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

समरित करनाल का निवासी है और नोएडा सेक्टर-122 स्थित एक बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण लेता है। वह अभ्यास के बाद अपने चालक के साथ घर लौट रहा था।

दूसरी ओर, i10 कार चला रहे स्वर्ण जयंतीपुरम निवासी वरुण उपाध्याय भी इस हादसे में शामिल थे। उनकी कार को भी क्षति पहुंची, लेकिन वह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी अचानक हुई कि संभलने का मौका ही नहीं मिला।

वहीं, स्विफ्ट डिज़ायर कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए एनएचएआई और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हादसे के कारण करीब 45 मिनट तक एक्सप्रेसवे और एनएच-24 पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारु कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!