गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लाल कुआं के पास हुए भीषण सड़क हादसे का वीडियो अब सामने आ गया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को चंद सेकंड में साफ कर दिया है। यह वीडियो हादसे की भयावहता और लापरवाही की हद को उजागर करता है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि दिल्ली-नोएडा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही तीन कारें, होंडा सिटी, i10 और स्विफ्ट डिज़ायर, लगभग एक साथ चल रही थीं। इसी दौरान अचानक बीच से ओवरटेक करने की कोशिश होती है और यही क्षण हादसे की वजह बन जाता है।
फुटेज के अनुसार, होंडा सिटी पहले डिज़ायर से साइड में टकराती है। टक्कर के तुरंत बाद कार अनियंत्रित होकर i10 से पीछे जा भिड़ती है। इसके बाद जो दृश्य सामने आता है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है, होंडा सिटी तेज गति के साथ विपरीत दिशा में घूमती है और डिवाइडर से टकराते हुए रेलिंग को तोड़ते हुए हवा में उछलकर पलट जाती है।
वीडियो में डिवाइडर की रेलिंग को टूटते हुए भी देखा जा सकता है, जो टक्कर की तीव्रता को दर्शाता है। एक्सप्रेसवे पर अचानक अफरा-तफरी मच जाती है और अन्य वाहन चालक ब्रेक लगाकर रुकते नजर आते हैं।
हादसे के समय होंडा सिटी में 16 वर्षीय समरित और चालक अफ़ज़ल सवार थे, जिन्हें एनएचएआई की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। वीडियो में क्षतिग्रस्त कार की स्थिति देखकर यह यकीन करना मुश्किल है कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
दूसरी ओर, i10 चालक वरुण उपाध्याय भी इस घटना में बाल-बाल बच गए। जबकि हादसे के बाद स्विफ्ट डिज़ायर मौके से निकलती हुई वीडियो में दिखाई देती है। प्रशासन ने वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करने का नतीजा माना जा रहा है। करीब 45 मिनट तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया।