14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए: मुख्यमंत्री
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए इस वर्ष 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का राष्ट्रीय अभियान है।
शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी सरकारी, अर्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, राशन दुकानों, औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा सामाजिक संगठनों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की समयबद्ध व्यवस्था करने के निर्देश दिए। स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा। तिरंगा राशन दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों और पेट्रोल पंपों सहित विभिन्न केंद्रों पर उपलब्ध रहेगा।
बैठक में बताया गया कि 2022 में 4.10 करोड़, 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक तथा 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस वर्ष नया कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेशभर में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, प्रदर्शनी, तिरंगा थीम रंगोली, प्रकाश सज्जा, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, चित्रांकन प्रतियोगिताएं और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित होगा। सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम से सजाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त (काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस) से 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) तक सभी शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर विशेष कार्यक्रम, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों के सम्मान के निर्देश दिए। पुलिस बैंड की सहभागिता और प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवरों और ग्राम सचिवालयों पर भी विशेष आयोजन होंगे।
बैठक में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों पर विभाजन विषयक प्रदर्शनी लगाई जाए, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित हो तथा पंजाबी, सिंधी, बंगाली और बांग्लादेश से आए शरणार्थी परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएं। कैंडल मार्च, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में परिचर्चा, संवाद और विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएं। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापार मंडलों और विभिन्न संचार माध्यमों का सहयोग लिया जाएगा।