November 11, 2026
[t4b-ticker]

10वें स्वच्छ सर्वेक्षण में गाजियाबाद ने यूपी में हासिल किया पहला स्थान!

0
F1

15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण

कचरा प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाकर 3,650 टन प्रतिदिन की, 17 मियावाकी फॉरेस्ट में लगाए 3.43 लाख पौधे

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नई दिल्ली/गाजियाबाद। स्वच्छता के राष्ट्रीय मानकों पर गाजियाबाद ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण (2025-26) में प्रदेश के शहरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को सम्मान प्रदान किया। गाजियाबाद की यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। कभी कचरे के पहाड़ों और बढ़ते प्रदूषण को लेकर चर्चा में रहने वाले इस शहर ने पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, आधुनिक प्रसंस्करण व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के दम पर स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

गाजियाबाद नगर निगम ने पुराने कचरे के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण काम करते हुए अब तक 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया है। वहीं, लोनी, डासना और निडोरी स्थित कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों की क्षमता दोगुनी कर 3,650 टन प्रतिदिन तक पहुंचाई गई है। इससे शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के निस्तारण और प्रसंस्करण की व्यवस्था को मजबूती मिली है।

10वें स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह के दौरान उपस्थित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं अन्य

कचरे के पहाड़ों से निपटने की मुहिम, वेस्ट से वेल्थ पर जोर

नगर निगम ने कचरे को केवल डंप करने के बजाय उसे उपयोगी संसाधन में बदलने की पहल की है। प्लास्टिक कचरे से पाइप, बेंच और वर्टिकल गार्डन तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूह गोबर से रूफटॉप कूलिंग पेंट बनाने के नवाचार से जुड़े हैं। इस पहल को ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रॉपीज मेयर्स चैलेंज-2025 में एक मिलियन डॉलर का अनुदान भी मिला है।

हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए 17 मियावाकी फॉरेस्ट

स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है। शहर में 17 मियावाकी फॉरेस्ट विकसित कर 3.43 लाख पौधे लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य शहरी हरित क्षेत्र का विस्तार और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करना है।

लखनऊ तीसरे स्थान पर, वाराणसी ने भी बढ़ाया मान

स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने देश में तीसरा स्थान बरकरार रखा है। यहां पुराने डंपिंग स्थलों पर जमा 20 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया गया है। वहीं, वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन श्रेणी में देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। गंगा और घाटों की सफाई के लिए तीन शिफ्टों में अभियान चलाया जा रहा है।

राष्ट्रपति ने प्रदान किया सम्मान

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को सम्मान प्रदान किया। मंत्री ने प्रदेश के शहरों की उपलब्धियों को सफाई मित्रों, नगर निकायों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, सचिव/निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रैंकिंग से आगे अब निरंतरता की चुनौती

गाजियाबाद का उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। लेकिन शहर के सामने चुनौती अब इस उपलब्धि को स्थायी बनाने की है। पुराने कचरे के निस्तारण के साथ प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन, खुले में कूड़ा फेंकने पर नियंत्रण और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना ही इस रैंकिंग की वास्तविक सफलता तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed