एक ही दिन में महंगाई की दोहरी मार! मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए दाम!
12 नवंबर से 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगा मिलेगा दूध
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली। दूध की बढ़ती खरीद लागत और सप्लाई में कमी का असर अब आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने जा रहा है। मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। इससे दिल्ली-NCR समेत देश के विभिन्न हिस्सों में उपभोक्ताओं को दूध के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के मुताबिक, अमूल के प्रमुख फ्रेश पाउच दूध उत्पादों की कीमतों में लगभग 4 से 5 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। अलग-अलग श्रेणियों में टोंड दूध 2 रुपये, फुल क्रीम दूध 4 रुपये और फुल क्रीम भैंस का दूध 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगा होगा।
दिल्ली-NCR में नई कीमतें
नई दरों के अनुसार, बल्क वेंडिंग मशीन से मिलने वाला टोंड दूध 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। पैकेट वाला टोंड दूध 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये और फुल क्रीम दूध 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, 6.5 प्रतिशत फैट वाले फुल क्रीम भैंस के दूध की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
मदर डेयरी भी बढ़ा चुकी है कीमतें
अमूल से पहले मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। डबल टोंड दूध 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये और गाय का दूध 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।
