ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए बड़ी खबर! एक्वा लाइन के विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, सेक्टर-4 तक दौड़ेगी मेट्रो
नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक 8.45 किलोमीटर लंबा होगा नया कॉरिडोर, पांच स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव
दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से भी मिलेगी कनेक्टिविटी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नई दिल्ली/नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दिए जाने की सूचना है। इसके तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक 8.45 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस रूट पर पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं।

इस विस्तार से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय क्षेत्रों को नोएडा की मौजूदा मेट्रो व्यवस्था से जोड़ने का रास्ता खुलेगा। खास बात यह है कि सेक्टर-61 पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलने की योजना है। इससे दिल्ली और एनसीआर के दूसरे इलाकों तक आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
एक्वा लाइन के विस्तार पर बनेंगे ये पांच स्टेशन
प्रस्तावित 8.45 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:
नोएडा सेक्टर-61, यहां दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी
नोएडा सेक्टर-70
नोएडा सेक्टर-122
नोएडा सेक्टर-123
ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4, किसान चौक के पास
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी और हजारों परिवारों की परिवहन संबंधी जरूरतों को देखते हुए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अभी बड़ी संख्या में निवासी निजी वाहनों और सड़क परिवहन पर निर्भर हैं। मेट्रो विस्तार से सड़क यातायात का दबाव कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान का कहना है कि-

एक्वा लाइन का विस्तार ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए बड़ी राहत होगा। इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यातायात का दबाव घटेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं।
अब निगाहें निर्माण की समयसीमा पर
परियोजना की घोषणा के बाद सबसे बड़ा सवाल इसके धरातल पर उतरने का है। टेंडर प्रक्रिया, निर्माण कार्य की शुरुआत और मेट्रो संचालन की समयसीमा पर अब सभी की निगाहें रहेंगी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को लंबे समय से इस कनेक्टिविटी का इंतजार है।
