November 11, 2026
[t4b-ticker]

220 टन सरयू की रेत से अयोध्या में साकार हुआ भव्य ‘राम दरबार’, विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हुई कलाकृति!

0
FF

58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची राम दरबार व राम मंदिर की अनूठी आकृति ने खींचा देश-दुनिया का ध्यान

सात दिन की मेहनत से अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने रचा इतिहास, उपराष्ट्रपति ने ‘वेल डन’ कहकर की सराहना

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

अयोध्या। सरयू की रेत जब कला में ढली तो अयोध्या के राम कथा पार्क में भव्य राम दरबार साकार हो उठा। योगी आदित्यनाथ सरकार के दीपोत्सव-2026 में अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने 220 टन सरयू की रेत से 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची राम दरबार एवं राम मंदिर की विशाल कलाकृति तैयार कर विश्व स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ ने इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता देते हुए प्रमाणपत्र जारी किया है।

सात दिन की साधना, 220 टन रेत से साकार हुआ राम दरबार

राम कथा पार्क में इस विशाल कलाकृति का निर्माण 30 अक्टूबर को शुरू हुआ और सात दिनों की लगातार मेहनत के बाद 7 नवंबर को पूरा हुआ। मधुरेंद्र कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ सरयू की रेत को ऐसी भव्य कलाकृति में ढाला, जिसमें राम दरबार और राम मंदिर की भव्यता को एक साथ उकेरा गया है।

कलाकार के मुताबिक, यह उनके जीवन की पहली और विश्व की सबसे लंबी रेत से निर्मित राम दरबार कलाकृति है। इसकी विशालता के साथ इसका संदेश भी खास है। कलाकृति के माध्यम से विश्व शांति, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया है।

उपराष्ट्रपति ने सराहा, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

दीपोत्सव के उद्घाटन समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कलाकृति का अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने कलाकार की मेहनत और सृजन की सराहना करते हुए ‘वेल डन’ कहा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या में सृजित ऐसी ऐतिहासिक कला को शहर कभी नहीं भूलेगा।

‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज, गिनीज की प्रक्रिया जारी

मधुरेंद्र कुमार ने 30 अक्टूबर को अपनी इस उपलब्धि के लिए ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ और ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ को प्रस्ताव भेजा था। 7 नवंबर को ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ ने ईमेल के माध्यम से रिकॉर्ड को स्वीकृति प्रदान की। रिकॉर्ड संख्या IND/2026/001810 के तहत कलाकृति दर्ज की गई और डिजिटल प्रमाणपत्र जारी किया गया। वहीं, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में मान्यता की प्रक्रिया अभी जारी है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के आमंत्रण और सहयोग से तैयार यह कलाकृति दीपोत्सव के सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख आकर्षण बनी।

बिहार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान तक पहुंचे मधुरेंद्र

मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार अब तक 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके नाम 12 से अधिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। रेत के अलावा कोयले की राख, पत्तियों, फल-सब्जियों और पुनर्चक्रित सामग्री से हजारों कलाकृतियां बना चुके मधुरेंद्र को अमेरिका इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से सैंड आर्ट में मानद डॉक्टरेट की उपाधि भी मिल चुकी है।

उनकी कला का केंद्र केवल सौंदर्य सृजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और विश्व शांति जैसे सामाजिक सरोकार भी रहे हैं। अयोध्या में सरयू की रेत से साकार हुआ यह राम दरबार उनकी इसी कला साधना का एक और उल्लेखनीय उदाहरण बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *