गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी मेले को मिलेगा ‘मिनी कुंभ’ का स्वरूप! योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
24 नवंबर को गंगा स्नान का महापर्व
30 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ संभालना प्रशासन की अग्निपरीक्षा
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के बीच गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की व्यवस्थाएं प्रशासन के लिए बड़ी परीक्षा बनने जा रही हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आस्था के इस विशाल आयोजन में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले का मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री ने इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ‘मिनी कुंभ’ बताते हुए ऐसा आयोजन बनाने के निर्देश दिए, जहां श्रद्धा के साथ अनुशासन और स्वच्छता भी दिखाई दे।

30 लाख की भीड़, सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय इंतजाम
मुख्यमंत्री ने गंगा के दोनों तटों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, रेस्क्यू बोट और 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम के जरिए निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। यातायात, पार्किंग और रूट डायवर्जन की पहले से योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
घाटों पर सफाई, शुद्ध पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्धता, जरूरत के अनुसार नदी को चैनलाइज करने और सफाईकर्मियों की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए। मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस, पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों, शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।
शराब और नशे पर रोक, आस्था के अनुरूप ही होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र के कमांड एरिया में शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने तथा नशे के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में कोई भी गतिविधि धार्मिक आस्था के विपरीत नहीं होनी चाहिए।
रामलीला, रासलीला और लेजर शो से सजेगा आयोजन
मेले को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने के लिए श्रीमद्भागवत कथा, रामलीला, रासलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ लेजर और ड्रोन शो भी प्रस्तावित हैं। बच्चों के लिए भाषण, निबंध, स्लोगन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों पर भी नजर
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और नकारात्मकता फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने और अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित करने की हिदायत दी।
अधिकारियों को मेले से पहले निरीक्षण के निर्देश
गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अतिरिक्त बसें लगाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के लिए घोषित व्यवस्थाओं को जमीन पर उतारने की है।
