गाजियाबाद-नोएडा के स्कूलों में कक्षा 5 तक हाइब्रिड पढ़ाई अनिवार्य, GRAP-3 के तहत आदेश जारी
प्रतीकात्मक इमेज
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद/नोएडा। दिवाली के बाद बढ़ते वायु प्रदूषण और बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए गाजियाबाद और नोएडा समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई है। GRAP-3 लागू होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों की ओर से स्कूलों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
गाजियाबाद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार जनपद के सभी स्कूलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
यह आदेश जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। जहां ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है, वहां स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित करनी होंगी। विद्यार्थियों को स्कूल जाकर पढ़ने अथवा ऑनलाइन कक्षा से जुड़ने का विकल्प दिया जाएगा।
आदेश की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। आदेश का उल्लंघन या लापरवाही सामने आने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह व्यवस्था GRAP-3 की पाबंदियां लागू रहने तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और हवा की गति बेहद कम होने की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती फैसला लिया है, ताकि छोटे बच्चों को प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क में आने से बचाया जा सके।
