November 12, 2026
[t4b-ticker]

RNEX: देविका स्काईपर्स में स्कार्पियो सवारों की दबंगई!

0
F

काली स्कॉर्पियो से पहुंचे दो युवकों पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप

सिक्योरिटी सुपरवाइजर की शिकायत पर नंदग्राम थाने में तीन धाराओं में FIR दर्ज

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देविका स्काईपर्स सोसायटी में प्रवेश करने पहुंचे दो युवकों से सुरक्षा कर्मचारियों ने महज इतना पूछा कि उन्हें किस फ्लैट में जाना है। आरोप है कि इसी पूछताछ पर युवक भड़क उठे और गाली-गलौज के बाद सुरक्षा कर्मचारियों से मारपीट कर सोसायटी की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। मामले में सिक्योरिटी सुपरवाइजर की शिकायत पर नंदग्राम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काली स्कॉर्पियो से पहुंचे युवक, पूछताछ पर भड़के

एफआईआर के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की रात करीब 9:40 बजे की है। देविका स्काईपर्स में तैनात सिक्योरिटी सुपरवाइजर अनिल चौधरी अपने साथी मनोज कुमार और सुरेंद्र सिंह के साथ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से दो युवक सोसायटी पहुंचे।

सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें रोककर फ्लैट नंबर, नाम और पता पूछा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जवाब देने के बजाय युवक अभद्रता पर उतर आए। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने सोसायटी की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया।

CCTV फुटेज वायरल

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने और उसके वायरल होने की जानकारी ने मामले को और चर्चा में ला दिया है। हालांकि, फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि और उसमें दर्ज घटनाक्रम का विस्तृत परीक्षण अभी बाकी है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि कैमरों में क्या रिकॉर्ड हुआ और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि किन साक्ष्यों से होती है।

तीन धाराओं में FIR

सिक्योरिटी सुपरवाइजर अनिल चौधरी की शिकायत पर नंदग्राम थाने में 11 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

जब गेट पर तैनात गार्ड ही सुरक्षित नहीं, तो सोसायटी की सुरक्षा कैसे होगी ?

इस घटना ने हाईराइज सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक अहम सवाल सामने ला दिया है। जिन सुरक्षा कर्मचारियों पर सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश की निगरानी का जिम्मा है, यदि उन्हें सामान्य पूछताछ के बदले मारपीट का सामना करना पड़े, तो सुरक्षा नियमों का पालन कैसे सुनिश्चित होगा ?

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपों की सत्यता और युवकों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *