10 दिन पहले पिता बने अंकित की संदिग्ध मौत, राजनगर एक्सटेंशन की सोसाइटी में छठवीं मंजिल से गिरे!
औरा कायमेरा सोसाइटी की घटना
पत्नी ने अंकित को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन नहीं बचा सकीं
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की और काइमेरा सोसाइटी में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सोमवार रात करीब 10 बजे छठवीं मंजिल से गिरकर 31 वर्षीय अंकित चौहान की मौत हो गई। अंकित (पुत्र जयपाल सिंह) सोसाइटी के टावर-जे स्थित फ्लैट संख्या 606 में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घटना के बाद पूरे परिसर में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली के अगले दिन रात करीब 10 बजे अंकित अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गए। उनकी बालकनी नजदीकी गुलमोहर गार्डन की ओर है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। आसपास के लोगों ने भी अंकित को गिरते देख शोर मचाकर बचाने की गुहार लगाई। आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल अंकित को तत्काल संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, अंकित के गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में HDFC Life में थे सीनियर कॉरपोरेट एजेंसी मैनेजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित दिल्ली के मयूर विहार स्थित HDFC Life में सीनियर कॉरपोरेट एजेंसी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। कुछ जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले उनकी नौकरी छूट गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से वह तनाव में थे। हालांकि, उनकी नौकरी छूटने और तनाव की परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
परिवार में महज दस दिन पहले ही खुशियों ने दस्तक दी थी। उनकी पत्नी की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी और घर में नवजात के आगमन से खुशियों का माहौल था। लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया।

राजनगर एक्सटेंशन में ही कई घटनाएं
अंकित की मौत कोई ऐसा मामला नहीं है जिसे केवल एक स्थानीय हादसा मानकर भुला दिया जाए। राजनगर एक्सटेंशन की हाईराइज सोसाइटियों में पिछले कुछ महीनों के दौरान ऊंची मंजिलों से गिरकर मौत की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अजनारा इंटीग्रिटी, ऑफिसर सिटी-2, केडीपी ग्रैंड सवाना, राजनगर रेजिडेंसी और यूनिनव हाइट्स जैसी सोसाइटियों में ऐसी घटनाएं रिपोर्ट हुई हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जुलाई से नवंबर 2026 के बीच राजनगर एक्सटेंशन की अलग-अलग सोसाइटियों में कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। राजनगर रेजिडेंसी में अलग-अलग घटनाओं में दो किशोरों की मौत ने विशेष रूप से चिंता बढ़ाई है।
जिले में आठ महीने में 57 मौतें, आंकड़ा डराने वाला
हाईराइज इमारतों से गिरने या कूदने की घटनाओं की गंभीरता का अंदाजा जिले के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है। अमर उजाला में 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के आंकड़ों में एक जनवरी से 30 अगस्त 2026 तक गाजियाबाद जिले में बहुमंजिला इमारतों से गिरने या कूदने के कारण 57 लोगों की मौत दर्ज की गई।
जनहित में अपील
मानसिक तनाव, अवसाद या भावनात्मक परेशानी से जूझ रहे लोग चुप रहने के बजाय परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से बात करें। याद रखें, मदद मांगना कमजोरी नहीं है। जरूरत पड़ने पर टेली-मानस की निःशुल्क 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन 14416 पर संपर्क करें। आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।
