त्योहारों और भर्ती परीक्षा के बीच यूपी हाई अलर्ट पर !

0
0
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश

नई परंपरा पर रोक

सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। प्रदेश में आगामी पर्व-त्योहारों और पुलिस की उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों और किसी भी प्रकार की समाज-विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आगामी दिनों में कई महत्वपूर्ण आयोजन होने वाले हैं, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।

त्योहारों के दौरान नई परंपरा की अनुमति नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 14 और 15 मार्च को पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा, 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि तथा 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। इस कारण यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति न दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि धार्मिक कार्यक्रमों के कारण आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस भर्ती परीक्षा, आगामी त्योहारों तथा कानून व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक करते हुए सीएम योगी

पुलिस भर्ती परीक्षा में 15.75 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 और 15 मार्च को होने वाली उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा प्रदेश के 1090 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें लगभग 15 लाख 75 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्थैतिक मजिस्ट्रेट पूरी जिम्मेदारी के साथ तैनात रहें तथा खुफिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय रखा जाए।

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के अन्य जिलों से आने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की गाड़ी अनिवार्य रूप से तैनात रहे तथा सामाजिक मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तुरंत खंडन किया जा सके।

नवरात्र में शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष प्रबंध

मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रि की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों, विंध्यवासिनी देवी मंदिर, शाकुंभरी देवी मंदिर, ललिता देवी मंदिर और देवी पाटन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

इसके साथ ही अयोध्या में राम नवमी के अवसर पर देशभर से श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता, पेयजल और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है और आपूर्ति तथा वितरण सामान्य रूप से जारी है।

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिए कि कहीं भी कृत्रिम संकट या घबराहट की स्थिति न बनने पाए। जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!