दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध: बैरियर तोड़ स्पीकर ऑफिस तक पहुंचा नकाबपोश, स्याही भी फेंकी

0
0
0

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिल्ली विधानसभा परिसर की सुरक्षा में गंभीर चूक उजागर हुई है। सोमवार दोपहर एक नकाबपोश व्यक्ति कार लेकर विधानसभा के गेट नंबर-2 का बैरियर तोड़ते हुए अंदर घुस गया और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। यूपी नंबर प्लेट वाली कार तेज रफ्तार में आई और सुरक्षा बैरियर को तोड़ते हुए सीधे परिसर के अंदर दाखिल हो गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

स्पीकर कार्यालय तक पहुंचा आरोपी

हैरानी की बात यह है कि आरोपी कार लेकर सीधे विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा। वहां उसने कार रोकी, बाहर निकला और बरामदे के पास एक फूलों का गुलदस्ता और कुछ कागजात रखे। इसके बाद वह उसी गेट से वापस फरार हो गया।

फिल्मी अंदाज़ में वारदात

पूरी घटना को आरोपी ने बेहद फिल्मी अंदाज़ में अंजाम दिया

बैरियर तोड़कर अंदर घुसना

संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंचना

गुलदस्ता रखकर संदेश छोड़ना

और बिना रोके-टोके वापस निकल जाना

यह पूरी घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

स्याही फेंकने की भी सूचना

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने फरार होने से पहले स्पीकर की गाड़ी पर स्याही भी फेंकी, जिससे घटना और भी संदिग्ध और संवेदनशील हो गई है।

बम धमकियों के बाद बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि हाल ही में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। ऐसे में यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए और भी ज्यादा चिंता का विषय बन गई है।

मौके पर बॉम्ब स्क्वॉड, जांच जारी

घटना के बाद पूरे विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात हैं, बॉम्ब स्क्वॉड ने जांच की, लेकिन फिलहाल गुलदस्ते में कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।

जांच के आदेश, सुरक्षा पर उठे सवाल

अधिकारियों ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी देखा जा रहा है कि आखिर कैसे एक व्यक्ति इतनी आसानी से उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में घुसकर वापस निकल गया।

 फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!