निवासियों द्वारा आंदोलन के प्रतीक के रूप में जारी पोस्टर
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। महागुनपुरम सोसाइटी के निवासियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। एनएच-9 स्थित इस बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने बिल्डर और एओए बोर्ड पर गंभीर लापरवाही तथा सांठगांठ के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि सोसाइटी में मूलभूत सुविधाएं बदहाल हो चुकी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। परेशान निवासियों ने अब 16 मई रविवार को सोसाइटी गेट पर शांतिपूर्ण धरना देने का ऐलान किया है।
एसटीपी की खराब व्यवस्था से फैल रही बदबू
निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में क्षमता से कम का एसटीपी लगाया गया है और वह भी ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा। इसकी वजह से गंदा और बदबूदार पानी सोसाइटी के पीछे जमा रहता है, जिससे संक्रमण और महामारी फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बरसात और सीवर व्यवस्था की खराब हालत के कारण हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।
बेसमेंट में जलभराव से स्ट्रक्चर पर खतरे की आशंका
शिकायत के अनुसार सोसाइटी का रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी पूरी तरह ब्लॉक पड़ा है। बेसमेंट में बार-बार जलभराव होने से न केवल निवासियों को परेशानी हो रही है, बल्कि टावरों की संरचनात्मक सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। निवासियों का कहना है कि लगातार नमी और पानी भरने से इमारतों की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
निवासियों द्वारा आंदोलन के प्रतीक के रूप में जारी पोस्टर
जर्जर लिफ्टों को लेकर बढ़ी चिंता
सोसाइटी की लिफ्टों की स्थिति को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी है। निवासियों का कहना है कि बहुमंजिला इमारतों की लाइफलाइन कही जाने वाली लिफ्टें जर्जर हो चुकी हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने सभी लिफ्टों को तत्काल अपग्रेड करने की मांग उठाई है।
फायर NOC नहीं होने का गंभीर आरोप
सबसे गंभीर आरोप फायर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगाए गए हैं। निवासियों के मुताबिक सोसाइटी के पास अब तक फायर एनओसी तक नहीं है। इसके अलावा बिल्डर द्वारा चार इंजन अल्टरनेट सेट और नया डीजी उपलब्ध कराने का वादा भी वर्षों बाद अधूरा पड़ा हुआ है।
ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण और गंदगी की शिकायत
ग्रीन बेल्ट एरिया में अतिक्रमण, गंदगी और जलभराव की शिकायतें भी सामने आई हैं। निवासियों ने पूरे परिसर का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग करते हुए कहा है कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निवासियों का आरोप है कि वे लंबे समय से इन मुद्दों पर चर्चा के लिए एओए से जीबीएम बुलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन एओए बोर्ड उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। कई निवासियों ने एओए बोर्ड पर बिल्डर से सांठगांठ का भी आरोप लगाया है।
सोसाइटी निवासी सुमित अग्रवाल ने कहा-
सुमित अग्रवाल
“हम लोग वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सोसाइटी में गंदगी, बदबूदार पानी, जलभराव और खराब लिफ्ट जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि फायर एनओसी तक नहीं है, जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। हमने कई बार एओए और बिल्डर से बातचीत की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अब शांतिपूर्ण धरना ही हमारा आखिरी विकल्प बचा है।”
निवासियों ने बताया कि धरने की लिखित सूचना थाना कविनगर को भी दे दी गई है। अब रविवार को होने वाले प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।