IAS की कुर्सी छोड़ी, अब सियासी मैदान में दिव्या मित्तल! नई पार्टी ‘जन नीति भारत’ का ऐलान!!
मिर्जापुर सदर से चुनाव लड़ने की भी चर्चा
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। IAS की नौकरी छोड़कर राजनीति में आईं दिव्या मित्तल ने अपनी नई पार्टी ‘जन नीति भारत’ बनाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए जनता से पार्टी से जुड़ने की अपील की है। दिव्या मित्तल का कहना है कि उनकी पार्टी में नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता होगी और सरकार को पूरे पांच साल जनता के प्रति जवाबदेह रहना होगा, सिर्फ चुनाव के समय नहीं।
एक्स पर जारी वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने कहा,
“अभी राजनीति आप पर शासन करती है, लेकिन ‘जन नीति’ में आप ही शासन करेंगे।”
हालांकि, पार्टी के संगठनात्मक ढांचे, संभावित गठबंधन और अन्य सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर अभी कोई घोषणा नहीं हुई है।

2013 बैच की IAS अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा के बाद 30 अगस्त को इस्तीफा दिया था। वह संत कबीर नगर, देवरिया और मिर्जापुर में जिलाधिकारी जैसे अहम पदों पर काम कर चुकी हैं। अब उनके राजनीति में आने के बाद मिर्जापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा है। नवरात्रि के दौरान विंध्यवासिनी देवी मंदिर में उनके दर्शन को भी इस संदर्भ में देखा जा रहा है, हालांकि उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
