डिप्टी रजिस्ट्रार से शिकायत, नामित चुनाव अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में वर्ष 2024-25 के आरडब्ल्यूए चुनावों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोसायटी निवासी गौरव बंसल ने डिप्टी रजिस्ट्रार को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि चुनाव अधिकारी द्वारा चुनाव खर्च के नाम पर ली गई लाखों रुपये की राशि का अब तक कोई स्पष्ट ब्यौरा नहीं सौंपा गया है।
शिकायत के अनुसार, आरडब्ल्यूए चुनाव कराने के लिए जिला कुष्ठ रोग अधिकारी राजेश तेवतिया को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था। आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए आरडब्ल्यूए से करीब 1 लाख 72 हजार रुपये लिए गए, लेकिन चुनाव सम्पन्न होने के लगभग आठ महीने बाद भी इस राशि का हिसाब सोसायटी अथवा निवासियों को उपलब्ध नहीं कराया गया।
मामले में चुनाव अधिकारी के सहायक रहे विशाल श्रीवास्तव पर भी खर्च संबंधी जानकारी देने में टालमटोल करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता गौरव बंसल का कहना है कि यह रकम सोसायटी निवासियों द्वारा जमा कराए गए मेंटिनेंस फंड से दी गई थी, इसलिए प्रत्येक रुपये का पारदर्शी हिसाब देना जरूरी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर कई वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत भेजे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में यह धारणा बन रही है कि सरकारी तंत्र में बैठे कुछ अधिकारी अपनी जवाबदेही से बचते हुए व्यवस्था का दुरुपयोग कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा नामित चुनाव अधिकारियों पर इस तरह के आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। इससे पहले भी गाजियाबाद की कई सोसायटियों में चुनाव खर्च, पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ चुके हैं। आरोप यह भी है कि जब भी नामित चुनाव अधिकारियों से इस विषय पर बात करने की कोशिश की जाती है, तो वे फोन तक नहीं उठाते, जिससे संदेह और गहरा जाता है।
अब सोसायटी के लोगों ने मांग की है कि चुनाव खर्च का पूरा ऑडिट सार्वजनिक किया जाए और भविष्य में आरडब्ल्यूए चुनावों के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए, ताकि निवासियों के पैसों के उपयोग में पारदर्शिता बनी रहे।