दादरी में योग महोत्सव: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक संगठनों का हुआ भव्य सम्मान
पतंजलि योगपीठ एवं भाजपा के संयुक्त आयोजन में सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जीटी रोड स्थित शैफाली पब्लिक स्कूल योग, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता का केंद्र बन गया। पतंजलि योगपीठ एवं भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य योग महोत्सव में सैकड़ों महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद योगाचार्य डॉ संजीव शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी मार्ग प्रशस्त करता है।

योग शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बच्चों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि योग अब केवल परंपरा नहीं, बल्कि आधुनिक जीवनशैली की आवश्यकता बन चुका है।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवी संस्थाओं का सम्मान समारोह रहा। इस दौरान राष्ट्रीय युवा लोक मंच, अपना अधिकार जनहित समिति, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद, जय हो संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, व्यापार मंडल, श्रीहनुमान चालीसा समिति तथा चैंपियन सोसायटी सहित अनेक संगठनों को समाज में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद के सभासद ज्ञान सिंह रावल, पियूष गर्ग, मोहित विकल, ईश्वर वर्मा, डॉ. आर.के. चौधरी तथा संगीता रावल को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गीता पंडित, वरिष्ठ समाजसेवी एच.के. शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष राजीव सिंघल, पतंजलि योगपीठ के प्रांत प्रभारी टीकाराम शर्मा, जिला प्रभारी प्रदीप शर्मा एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष पवन बंसल, अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता, शैफाली पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनीष गर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. उमेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग दिवस के इस भव्य आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर समाजहित में सामूहिक सहभागिता की मिसाल भी प्रस्तुत की। दादरी में आयोजित यह योग महोत्सव क्षेत्र के सबसे बड़े और चर्चित आयोजनों में से एक रहा।

