गाजियाबाद में भीषण गर्मी का असर, 23 मई से सभी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश घोषित
ऑरेंज अलर्ट के बाद बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने जनपद के सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त स्कूलों में 23 मई 2026 से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा विभाग, राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, इंटर कॉलेज, यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। हालांकि सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होती रहेंगी।
आदेश में कहा गया है कि जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने सभी विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि गाजियाबाद उन जिलों में भी शामिल है, जहां भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भीषण हीटवेव को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
