गाजियाबाद में हाउस टैक्स बढ़ोतरी पर सिविल सोसाइटी का अल्टीमेटम

0

पुरानी दरों पर 25% वृद्धि मंजूर, नई गृहकर नीति नहीं

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। शहर में प्रस्तावित गृहकर वृद्धि को लेकर शुक्रवार को सिविल सोसाइटी संगठनों की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न आरडब्ल्यूए, फ्लैट ओनर्स और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेते हुए नगर निगम की मौजूदा गृहकर नीति पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि वर्तमान गृहकर नीति को वापस नहीं लिया गया तो इसका राजनीतिक परिणाम भी सामने आएगा और जनप्रतिनिधियों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

बैठक में कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल से हुई वार्ता में उन्होंने दो बातों पर सहमति जताई है। वर्तमान गृहकर वृद्धि भ्रामक है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे सकती है, इसलिए यह स्वीकार्य नहीं है। साथ ही पुरानी दरों पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक वृद्धि पर विचार किया जा सकता है।

बैठक में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से भी संपर्क किया गया, हालांकि वह बैठक में शामिल नहीं हो सके।

डॉ. आरके आर्या, मुकेश गुप्ता, सुदीप साहू, संध्या त्यागी, राज शर्मा और आईसी जिंदल समेत वक्ताओं ने कहा कि जनता पर जटिल और अव्यावहारिक गृहकर व्यवस्था नहीं थोपी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुरानी दरों पर सीमित बढ़ोतरी स्वीकार्य है, लेकिन मौजूदा नीति नहीं।

बैठक में आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं आवासीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, गीता त्यागी, गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, गौरव सेनानी गणेश दत्त, एमएल वर्मा, नमिता भल्ला, डॉ. मधु सिंह, संध्या त्यागी, डॉ. आरके आर्या, एडवोकेट अंशु त्यागी, मंजू घई, संतोष कुमार, उषा आनंद, सुभी चतुर्वेदी, विनीत अग्रवाल, अंजू शर्मा, आईसी जिंदल, मुकेश गुप्ता, सुदीप साहू, मोनिका गोयल, मुलेंद्र शर्मा, जय दीक्षित, राज शर्मा, आशुतोष कौशिक और राजीव अग्रवाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!