विधायक कॉलोनी RWA का बड़ा एक्शन प्लान, बैठक में सुरक्षा-सफाई पर अहम फैसले
CCTV कैमरों का दूसरा चरण होगा शुरू, अवैध कब्जों और बाहरी पार्किंग पर भी कसेगा शिकंजा
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। विधायक कॉलोनी आरडब्ल्यूए की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कॉलोनी के विकास, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दूसरे चरण के सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉलेशन पर विस्तृत मंथन किया गया।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि आधुनिक निगरानी व्यवस्था से कॉलोनी में सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा। इसके अलावा कॉलोनी में प्लॉट एवं मकानों की संख्या और दिशा के अनुसार साइन बोर्ड लगाए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और पहचान व्यवस्था बेहतर हो।
बैठक में लंबे समय से खाली पड़े प्लॉटों में फैली गंदगी एवं झाड़ियों पर भी चिंता व्यक्त की गई। इस संबंध में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को पत्र लिखकर नियमित सफाई कराने की मांग करने का निर्णय लिया गया।

कॉलोनीवासियों ने गंगा जल की आपूर्ति में गंदे पानी की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। आरडब्ल्यूए की ओर से बताया गया कि इस विषय में नगर निगम से शिकायत की जा चुकी है तथा अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कॉलोनी की सड़कों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे। वहीं बाहरी वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।
अवैध कब्जों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही बिजली के खंभों पर लगे अवैध विज्ञापन बोर्ड हटाने के लिए संबंधित विभागों से कार्रवाई कराने की बात कही गई।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि कॉलोनी के समग्र विकास एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए सभी निवासियों के सहयोग से लगातार प्रयास किए जाएंगे।
