शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में डॉ. ऋचा सूद का स्वर्णिम प्रदर्शन, बनीं नेशनल चैंपियन
वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट पक्का
NEWS1UP
स्पोर्ट्स डेस्क
गाजियाबाद/गोवा। मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (MAFI) द्वारा गोवा के बैम्बोलिन स्टेडियम में आयोजित तृतीय राष्ट्रीय मास्टर्स महिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गाजियाबाद एवं उत्तर प्रदेश की वरिष्ठ एथलीट डॉ. ऋचा सूद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
देशभर से पहुंचीं 1100 महिला एथलीट्स
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 1100 महिला एथलीट्स भाग ले रही हैं। विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
शॉटपुट में प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ जीता पहला स्वर्ण

डॉ. ऋचा सूद ने प्रतियोगिता की शॉटपुट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में 27 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को लगभग 1 से 2 मीटर के अंतर से पछाड़ते हुए राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब हासिल किया।
डिस्कस थ्रो में भी दिखाया दम, जीता दूसरा स्वर्ण

शॉटपुट के बाद डॉ. ऋचा सूद ने डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में भी अपना दबदबा कायम रखा। इस स्पर्धा में विभिन्न राज्यों से आईं 21 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। डॉ. सूद ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर लगभग 3 मीटर की बढ़त बनाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया और दोहरा राष्ट्रीय गौरव हासिल किया।
वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
डॉ. ऋचा सूद के उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी मिला है। उन्होंने जुलाई 2026 में दक्षिण कोरिया के डेगू (Daegu) में आयोजित होने वाली वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है।
गाजियाबाद में खुशी की लहर
डॉ. ऋचा सूद की इस शानदार उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने उन्हें बधाई दी है। उनकी सफलता को प्रदेश की महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है।
अब विश्व मंच पर भारत के लिए पदक जीतना लक्ष्य: डॉ. ऋचा सूद
डॉ. ऋचा सूद ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, नियमित प्रशिक्षण, परिवार के सहयोग और अपने कोच के मार्गदर्शन को दिया।
उन्होंने कहा कि- 
उनका अगला लक्ष्य वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना और देश का गौरव बढ़ाना है।
