राज नगर एक्सटेंशन की रामा हाइट्स सोसाइटी में घटना, आरोपियों के खिलाफ नंदग्राम थाने में शिकायत
पुलिस ने सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की बात कही
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राज नगर एक्सटेंशन स्थित रामा हाइट्स सोसाइटी में दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत सोसाइटी की लिफ्ट में आई खराबी को लेकर हुई थी। आरोप है कि इस दौरान एक निवासी ने मेंटेनेंस जमा न करने की धमकी दी और बाद में अपने साथियों के साथ मिलकर एओए पदाधिकारियों पर हमला कर दिया।
लिफ्ट ठीक कराने के दौरान हुआ हमला
हमले में घायल एओए पदाधिकारी राघवेंद्र
बताया जा रहा है कि एओए पदाधिकारी राघवेंद्र और हेमंत त्यागी सोसाइटी की लिफ्ट में आई खराबी को ठीक कराने के लिए मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष वहां पहुंच गया और कहासुनी के बाद दोनों पदाधिकारियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमले के लिए सोसाइटी के बाहर से भी लोगों को बुलाया गया था।
निवासियों में आक्रोश
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी की समस्याओं के समाधान में लगे पदाधिकारियों पर इस तरह का हमला बेहद चिंताजनक है और इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
नंदग्राम थाने में शिकायत
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा नंदग्राम थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ACP नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि-
मामले में प्राप्त शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।