नौसेना शौर्य वाटिका बनी राष्ट्रभक्ति का नया प्रतीक, राजनाथ सिंह ने योगी सरकार की उपलब्धियों को सराहा

0

जो राष्ट्र अपनी सेनाओं का सम्मान करता है, वही दुनिया में सम्मान प्राप्त करता है: राजनाथ सिंह

 

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को शनिवार को एक नई पहचान मिली, जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण किया। लगभग दो एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित यह परियोजना नौसेना शौर्य संग्रहालय के द्वितीय चरण के रूप में तैयार की गई है और इसे राष्ट्रभक्ति, सैन्य गौरव तथा युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाले एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।

राष्ट्रभक्ति और सैन्य गौरव का नया केंद्र

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नौसेना शौर्य वाटिका कोई साधारण पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा केंद्र है। यह आने वाली पीढ़ियों को देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए सैनिकों द्वारा दिए गए बलिदानों की जानकारी देगा। उन्होंने कहा कि यह स्थल लखनऊ को तहजीब और संस्कृति के शहर के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और सैन्य सम्मान के केंद्र के रूप में भी नई पहचान प्रदान करेगा।

वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ तक का सफर

रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय प्रदेश की पहचान बिगड़ी हुई कानून-व्यवस्था और माफिया संस्कृति से होती थी, लेकिन आज वही उत्तर प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ जैसी विकासोन्मुखी योजना के कारण देशभर में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत नेतृत्व और प्रभावी प्रशासन का परिणाम है।

कानून-व्यवस्था में सुधार से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

राजनाथ सिंह ने कहा कि कभी निवेशक उत्तर प्रदेश में आने से हिचकते थे क्योंकि उन्हें कानून-व्यवस्था को लेकर आशंकाएं रहती थीं। उन्हें डर रहता था कि निवेश करने पर अपराधी तत्व परेशान कर सकते हैं। लेकिन आज की स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरा देश महसूस कर रहा है।

योगी मॉडल बना सुशासन की मिसाल

रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है। मुख्यमंत्री ने जिस दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ अपराध एवं अराजकता पर नियंत्रण स्थापित किया है, वह अपने आप में एक मिसाल है। आज प्रदेश की जनता स्वयं अनुभव कर रही है कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट

शौर्य वाटिका परियोजना का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने बताया कि इसके निर्माण के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुरुआत से ही सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने स्वयं इस परियोजना के लिए इकाना स्टेडियम के निकट गोमती वेटलैंड से सटी महत्वपूर्ण भूमि उपलब्ध कराई और निर्माण कार्य की नियमित निगरानी भी की। परिणामस्वरूप परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा किया जा सका।

सेनाओं के सम्मान से बढ़ता है राष्ट्र का गौरव

रक्षा मंत्री ने कहा कि जो राष्ट्र अपनी सेनाओं का सम्मान करता है, वही विश्व समुदाय में सम्मान प्राप्त करता है। नौसेना शौर्य वाटिका इसी भावना का सशक्त प्रतीक बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्थल आने वाले समय में लखनऊ के प्रमुख पर्यटन और प्रेरणा केंद्रों में शामिल होगा।

कार्यक्रम के अंत में रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रीय गौरव के नए मानक स्थापित कर रहा है तथा देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बनता जा रहा है।

इस अवसर पर नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा व ब्रजलाल, पर्यटन/संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ल, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, अमरेश कुमार, जय देवी, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान, उमेश द्विवेदी, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!