2600 से अधिक नर्सरियों से पूरे प्रदेश में पौधों का वितरण शुरू, वन विभाग करेगा सर्वाधिक पौधरोपण
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026‘ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राज्य सरकार ने इस अभियान के तहत एक ही दिन 35 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए प्रदेश की 2600 से अधिक नर्सरियों में 57.62 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं और सभी मंडलों, जनपदों तथा विभागों को लगातार पौधों का वितरण किया जा रहा है।
57.62 करोड़ पौधों का विशाल भंडार तैयार
वन, उद्यान, रेशम तथा निजी नर्सरियों में पौधों की तैयारी पूरी हो चुकी है। सबसे अधिक 52.46 करोड़ पौधे वन विभाग की नर्सरियों में तैयार किए गए हैं। इसके अलावा उद्यान विभाग में 1.55 करोड़, रेशम विभाग में 44 लाख तथा 499 निजी पौधशालाओं में 3.17 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं।
प्रदेशभर में वन विभाग की 1939, उद्यान विभाग की 146, रेशम विभाग की 55 तथा 499 निजी नर्सरियों से विभिन्न विभागों, मंडलों और जनपदों को पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वन विभाग लगाएगा सर्वाधिक 15.50 करोड़ पौधे
राज्य सरकार के इस महाअभियान में विभिन्न विभागों को अलग-अलग लक्ष्य सौंपे गए हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके बाद ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़, पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ तथा राजस्व विभाग 1 करोड़ पौधों का रोपण करेगा।
इसके अतिरिक्त नगर विकास, जलशक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, लोक निर्माण, एमएसएमई, ऊर्जा, परिवहन, आवास एवं शहरी नियोजन सहित अन्य विभाग भी अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार पौधरोपण करेंगे।
रेलवे और रक्षा मंत्रालय भी बनेंगे हरित अभियान के सहभागी
इस वर्ष का पौधरोपण महायज्ञ केवल राज्य सरकार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि केंद्र सरकार के विभाग भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। अभियान के तहत रेलवे 12 लाख और रक्षा मंत्रालय 7 लाख पौधे लगाएगा। इससे अभियान को व्यापक जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग मिलेगा।
जनसहभागिता से बनेगा नया कीर्तिमान
वन विभाग का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप इस बार अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों और आम नागरिकों की भागीदारी से प्रदेश में हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों का दावा
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार/प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के लिए 57.62 करोड़ पौधे पूरी तरह तैयार हैं। 12 जुलाई को होने वाले महाअभियान के लिए मंडल, जनपद और विभागवार लगातार पौधों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनसहभागिता और सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से इस वर्ष का पौधरोपण महायज्ञ अभूतपूर्व सफलता का नया इतिहास रचेगा।