[t4b-ticker]

गुलमोहर एन्क्लेव के स्विमिंग पूल में जमा गंदे पानी से बढ़ी चिंता!

0
SP

निवासियों ने डेंगू-मलेरिया के खतरे को लेकर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में स्विमिंग पूल में लंबे समय से जमा गंदे और ठहरे हुए पानी को लेकर निवासियों ने गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में यह स्थिति डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार का कारण बन सकती है। इस संबंध में प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और आवश्यक स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

सोसायटी निवासी गौरव बंसल ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी, नगर निगम की 311 ऐप, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तथा एक्स के माध्यम से दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने स्विमिंग पूल का जमा पानी तत्काल खाली कराने, उसकी वैज्ञानिक तरीके से सफाई एवं कीटनाशक उपचार कराने तथा पूरे परिसर में नियमित फॉगिंग कराने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोसायटी की आरडब्ल्यूए के पास फॉगिंग के लिए मशीन उपलब्ध होने के बावजूद उसका नियमित उपयोग नहीं किया जा रहा। इसके कारण परिसर में मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ने की आशंका बनी हुई है। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि आसपास की अन्य सोसायटियों में मच्छरों के लार्वा मिलने की घटनाओं के बावजूद गुलमोहर एन्क्लेव में एहतियाती कदम पर्याप्त रूप से नहीं उठाए गए।

गौरव बंसल के अनुसार, इस संबंध में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों तथा सोसायटी मैनेजर को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। 

निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्विमिंग पूल का गंदा पानी तत्काल हटवाया जाए, पूरे परिसर में नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान चलाया जाए तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों और आरडब्ल्यूए को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!