नोएडा के मामूरा में भीषण आग, महिला समेत दो की मौत: CM योगी ने लिया संज्ञान
सेक्टर-66 के मामूरा गांव की बहुमंजिला इमारत में मचा हड़कंप, 50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया, मकान मालिक हिरासत में
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में एक बहुमंजिला इमारत में बुधवार को भीषण आग लगने से महिला और पुरुष समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक वाहन (ई-स्कूटर/ई-बाइक) की बैटरी में स्पार्क होने के बाद आग भड़क गई, जिसने पास में खड़े पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग और धुएं ने पूरी इमारत को घेर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत में रहने वाले लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हालांकि, जहरीले धुएं की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर हो गई। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने, राहत कार्यों की लगातार निगरानी रखने तथा प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना फेस-3 में मकान मालिक/लीजधारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा हादसा
मामूरा गांव नोएडा के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गिना जाता है, जहां बहुमंजिला इमारतों में बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। ऐसे इलाकों में आग की घटनाएं बड़े खतरे का रूप ले सकती हैं। इस हादसे ने एक बार फिर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियों की सुरक्षित चार्जिंग, भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन तथा आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
