[t4b-ticker]

हाउस टैक्स के खिलाफ व्यापारियों का बड़ा ऐलान, 6 अगस्त से नवयुग मार्केट में अनिश्चितकालीन धरना

0
HHH

RWA फेडरेशन ने किया आंदोलन का ऐलानिया समर्थन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बढ़े हुए टैक्स का मुद्दा उठाने की तैयारी

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के खिलाफ शहर में अब आर-पार की लड़ाई शुरू हो गई है। व्यापारियों ने नगर निगम की कर वृद्धि को पूरी तरह जनविरोधी करार देते हुए 6 अगस्त से नवयुग मार्केट में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान कर दिया है। आंदोलन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। व्यापारियों का साफ संदेश है कि जब तक बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस नहीं लिया जाता या राहत संबंधी ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन नहीं रुकेगा।

बुधवार को आयोजित व्यापारियों की बैठक में नगर निगम की कर नीति पर तीखा असंतोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हाउस टैक्स में की गई वृद्धि ने न केवल व्यापारियों, बल्कि शहर के लाखों मकान मालिकों और आम नागरिकों की जेब पर सीधा बोझ डाला है। उनका कहना था कि कर निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यावहारिक नहीं रही, इसलिए इसे तत्काल पुनरीक्षित किया जाना चाहिए।

यह सिर्फ व्यापारियों का नहीं, पूरे शहर का आंदोलन

आंदोलन की घोषणा को उस समय और मजबूती मिली, जब गाजियाबाद RWA फेडरेशन ने भी खुलकर व्यापारियों के साथ खड़े होने का ऐलान कर दिया।

फेडरेशन के चेयरमैन आर.के. गर्ग ने कहा,

बढ़ा हुआ हाउस टैक्स पूरे शहर का मुद्दा है। इसका असर हर परिवार और हर व्यापारी पर पड़ रहा है। RWA फेडरेशन इस जनहित की लड़ाई में व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा है। जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर बढ़े हुए हाउस टैक्स सहित शहर की अन्य प्रमुख समस्याओं को भी उनके समक्ष रखा जाएगा।

अब पीछे हटने का सवाल नहीं

बैठक के संयोजक एवं सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने कहा कि 6 अगस्त से शुरू होने वाला धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन यदि नगर निगम ने बढ़े हुए हाउस टैक्स को वापस लेने अथवा राहत देने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने शहर के सभी व्यापारी संगठनों, बाजार संघों और नागरिकों से इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

बैठक में आर.के. गर्ग, सतीश शर्मा, अभिषेक गर्ग, प्रीतम लाल, सुभाष गुप्ता, सुभाष छावड़ा, मनवीर नागर, रजनीश बंसल, मुनेन्द्र आर्य, हरवीर गांधी, आर.के. आर्या, राज किशोर गुप्ता, गौरव बंसल, सुनील चाचा, राजू छावड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!