2 हजार CCTV, सर्विलांस और 5 स्पेशल टीम! ऐसे खुली डेढ़ करोड़ की ज्वेलरी लूट की गुत्थी
चांदनी चौक से ही शुरू हो गया था व्यापारी का पीछा, यमुना एक्सप्रेसवे पर वारदात के बाद 48 घंटे के भीतर ग्रेटर नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। महज कुछ घंटों की सनसनी बनी डेढ़ करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट का ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया लगभग पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 1.38 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई ने न केवल हाई-प्रोफाइल लूटकांड की गुत्थी सुलझाई, बल्कि यह भी उजागर कर दिया कि वारदात किसी आकस्मिक घटना का नहीं, बल्कि कई सप्ताह तक की गई सुनियोजित रेकी का परिणाम थी।

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम के अनुसार, 4-5 अगस्त 2026 की रात थाना बीटा-2 क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से आगरा लौट रहे एक चांदी व्यापारी और उनके कर्मचारी को कार सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाश सोने की अंगूठियां, चांदी के बिस्किट और अन्य बहुमूल्य आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गए थे।
48 घंटे में खुलासा, 5 स्पेशल टीमों ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पांच विशेष टीमों का गठन किया। थाना बीटा-2 पुलिस, एसओजी ग्रेटर नोएडा और थाना ईकोटेक-1 की संयुक्त टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और करीब 2 हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई। लगातार तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस ने पूरे गिरोह की पहचान कर उसे दबोच लिया।
लूट का लगभग पूरा माल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों अंकुर, अमित, सोहित उर्फ बसंत, हिमांशु और कमलकांत के कब्जे से लूटा गया लगभग पूरा माल बरामद किया है। बरामदगी में लगभग 12.138 किलोग्राम चांदी, 5 सोने के हार, 2 मंगलसूत्र, 29 पेंडेंट, 56 महिलाओं की अंगूठियां, 34 पुरुषों की अंगूठियां, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की कार शामिल है। बरामद संपत्ति का बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये बताया गया है।
कर्ज ने बनाया लुटेरा, कई सप्ताह तक करते रहे रेकी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के चार सदस्य फाइनेंस का कारोबार करते थे और उन पर करोड़ों रुपये का कर्ज था। आर्थिक दबाव से निकलने के लिए उन्होंने लूट की योजना बनाई। आरोपियों ने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी बाजार में कई सप्ताह तक रेकी की और यह पता लगाया कि आगरा का एक व्यापारी नियमित रूप से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी लेकर इसी मार्ग से आता-जाता है।
योजना के तहत बदमाशों ने व्यापारी का चांदनी चौक से ही पीछा शुरू कर दिया। जैसे ही व्यापारी की गाड़ी यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर रुकी, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया, ओवरपावर किया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने पांचों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
