[t4b-ticker]

799 रुपये के लड्डू में फफूंदी! नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री का दावा, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

0
LADDOO

X पर फफूंदी लगे लड्डू की तस्वीर साझा कर यात्री ने मांगा रिफंड और विक्रेता पर कार्रवाई

शिकायत वायरल होते ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने जांच का दिया भरोसा

NEWS1UP

डेस्क

नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बिकने वाली प्रीमियम मिठाई की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एक यात्री ने दावा किया है कि एयरपोर्ट से 799 रुपये में खरीदे गए बूंदी के लड्डू के पैकेट में फफूंदी मिली। शिकायत के साथ साझा की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लिया है।

 

यात्री द्वारा साझा किया गया बिल

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई पोस्ट में यात्री ने लाल स्वीट्स को संबोधित करते हुए लिखा कि उसने दोपहर करीब 2 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बूंदी के लड्डू का पैकेट खरीदा था। पैकेट खोलने पर उसमें फफूंदी दिखाई दी। यात्री ने शिकायत के साथ लड्डू की तस्वीर भी साझा की और सवाल किया कि क्या संबंधित विक्रेता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा उसके 799 रुपये वापस किए जाएंगे।

यात्री की पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। कई यूजर्स ने एयरपोर्ट पर बिकने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, उनकी ऊंची कीमतों और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मामले के सामने आने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए यात्री से हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया। प्रबंधन ने यात्री से संपर्क विवरण साझा करने का अनुरोध किया ताकि संबंधित टीम पूरे मामले की जांच कर आवश्यक सहायता और समाधान उपलब्ध करा सके।

हालांकि, इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि संबंधित उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित विक्रेता के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और यात्री की शिकायत का क्या समाधान निकलता है।

यह घटना एयरपोर्ट परिसर में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और नियमित निरीक्षण की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यात्री के दावे के पीछे वास्तविक स्थिति क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!