ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर दादरी में मंथन, 6 सितंबर के आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी
मंच भले अलग हों, लेकिन समाज और राष्ट्रहित का उद्देश्य एक होना चाहिए: भूमेश शर्मा
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी। 6 सितंबर को दादरी के सेंटहुड स्कूल में होने वाले अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के सम्मेलन को लेकर समाज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सम्मेलन को सफल और भव्य बनाने के उद्देश्य से रविवार को रेलवे स्टेशन के निकट स्थित अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के जिला कार्यालय पर समाज के प्रमुख लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार भूमेश शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि आज समाज के लोग अलग-अलग संगठनों और बैनरों के माध्यम से समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। अलग-अलग मंच होना कोई समस्या नहीं है, लेकिन सभी का उद्देश्य समाज के साथ-साथ सर्वसमाज और देश का हित होना चाहिए।
भूमेश शर्मा ने कहा कि-
ब्राह्मण कुल में जन्म लेना निश्चित रूप से सौभाग्य की बात है, लेकिन इसकी वास्तविक सार्थकता व्यक्ति के कर्मों से होती है।
प्रत्येक व्यक्ति को समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ मुखर होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक हितों के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना ही समाज की वास्तविक शक्ति है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल अपनी बात कहने की नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने की है। सामाजिक संगठनों और उनके कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर ऐसे विषयों पर एकजुट होना चाहिए, जिनका सीधा संबंध समाज और देश के भविष्य से है।

सम्मेलन को सफल बनाने की अपील
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा. के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला और पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडे ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी आवाज उठाने के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है।
बैठक में आरक्षण और UGC से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे विषयों पर समाज के लोगों को तथ्यों और संवैधानिक व्यवस्था की समझ के साथ अपनी बात मजबूती से रखने की आवश्यकता है।
तैयारियों पर बनी रणनीति
बैठक में मौजूद सदस्यों ने 6 सितंबर के सम्मेलन को लेकर अपने सुझाव दिए। आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और सम्मेलन को भव्य स्वरूप देने सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने स्तर से समाज के लोगों तक सम्मेलन का संदेश पहुंचाने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक अरविंद शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्षधर्मेंद्र पांडे, दिल्ली प्रदेश प्रभारी अजय मिश्रा, जिला सचिव महेश शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक पंडित, अजय कुमार मिश्रा, आदित्य कुमार, सुशील मिश्रा, सुनील मिश्रा, सर्वेश पांडे, विनोद कुमार शुक्ला, अभय नारायण पंडित, जी.के. वशिष्ठ, पंकज कुमार शर्मा, ए.के. पांडे, गौरव शर्मा दादरी, प्रशांत शर्मा, प्रकाश चौबे, मुकेश चौबे और मयंक शर्मा सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने 6 सितंबर को सेंटहुड स्कूल में होने वाले ब्राह्मण सम्मेलन को सफल एवं भव्य बनाने का संकल्प लिया।
