दादरी से बजेगा आंदोलन का बिगुल! आरक्षण और UGC के विरोध में 2 सितंबर को स्वर्ण समाज की महाबैठक
विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद ने कसी कमर, पांच सदस्यीय कमेटी मैदान में
प्रबुद्ध लोगों से घर-घर संपर्क, दिल्ली से लखनऊ तक आंदोलन पहुंचाने की तैयारी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
दादरी। आरक्षण और यूजीसी के प्रस्तावित प्रावधानों के विरोध में दादरी से बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद ने 2 सितंबर को स्वर्ण समाज की महाबैठक बुलाकर आंदोलन की दिशा तय करने का ऐलान किया है। परिषद का दावा है कि यह बैठक महज विरोध तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें ऐसा रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसके जरिए आंदोलन को दादरी से आगे दिल्ली और लखनऊ तक ले जाने की रणनीति बनाई जाएगी।
2 सितंबर को शाम 4:30 बजे परशुराम भवन, ब्रह्मपुरी, दादरी में होने वाली इस बैठक में स्वर्ण समाज की विभिन्न जातियों के प्रबुद्ध लोगों को एक मंच पर लाने की तैयारी है। इसके लिए परिषद ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो व्यक्तिगत रूप से समाज के लोगों से संपर्क कर उन्हें बैठक में शामिल होने का न्योता देगी।
ब्राह्मण समाज से आगे बढ़कर स्वर्ण समाज को जोड़ने की कवायद
शनिवार देर शाम हुई परिषद की बैठक में आंदोलन को व्यापक सामाजिक आधार देने पर विशेष जोर दिया गया। परिषद के प्रस्तावित जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य पंडित रामदत्त शर्मा ने बताया कि बैठक में तय किया गया है कि 2 सितंबर की महाबैठक में केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि स्वर्ण समाज में आने वाली अन्य जातियों के प्रबुद्ध लोगों को भी जोड़ा जाएगा।
इसके लिए गठित पांच सदस्यीय कमेटी अब सीधे लोगों से संपर्क करेगी। संगठन का मानना है कि अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर लाकर ही आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।

आरक्षण के नाम पर अधिकारों की लूट अब बर्दाश्त नहीं
बैठक में परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी पंडित पीताम्बर शर्मा ने आरक्षण व्यवस्था को लेकर तीखा रुख अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के नाम पर स्वर्ण समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।
यूजीसी से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों पर भी उन्होंने गंभीर आपत्ति जताते हुए इन्हें स्वर्ण समाज के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने अधिकारों के मुद्दे पर चुप बैठने वाला नहीं है।
पंडित पीताम्बर शर्मा ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर दादरी की धरती से बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा और इसकी गूंज दिल्ली से लखनऊ तक पहुंचाने की तैयारी है।
2 सितंबर को तय होगी आंदोलन की असली दिशा
परिषद के लिए अब 2 सितंबर की बैठक महत्वपूर्ण हो गई है। इसी बैठक में समाज के प्रबुद्ध लोगों के सुझावों के आधार पर आंदोलन के स्वरूप, कार्यक्रम और आगे की रणनीति पर अंतिम फैसला लिए जाने की बात कही गई है।
बैठक की अध्यक्षता पंडित विक्रम शर्मा ने की, जबकि संचालन मास्टर परमानंद शर्मा ने किया। इसमें मास्टर रामकुमार शर्मा, उमेश शर्मा, हरिओम शर्मा, अरविंद शर्मा, रामवीर शर्मा, शिवकुमार शर्मा, ज्ञानचंद शर्मा, लोकेश शर्मा, दिनेश शर्मा, ध्रुव शर्मा, लक्ष्मण शर्मा, एडवोकेट दिनेश चंद शर्मा, अभय मिश्रा, महेश चंद शर्मा, राजकुमार शर्मा, चुन्नू पंडित और एन.के. शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
