[t4b-ticker]

10 डेडलाइन, 3 साल का इंतजार और 33 करोड़! दिल्ली-NCR का पहला AC Skywalk आखिर खुला

0
CR

Credit: Ai

अब 5 मिनट में Metro कनेक्शन

सेक्टर-51 एक्वा लाइन और सेक्टर-52 ब्लू लाइन के बीच 460 मीटर का एसी कॉरिडोर शुरू

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। छह महीने में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट करीब तीन साल बाद यात्रियों के लिए खुला। 10 डेडलाइन निकलने, डिजाइन, मेट्रो केबल-बीम की दिक्कतों और एनजीटी प्रतिबंधों से जूझने के बाद नोएडा का दिल्ली-NCR का पहला AC Skywalk आखिर शुरू हो गया है। रक्षाबंधन पर नोएडा अथॉरिटी ने इसे बिना औपचारिक उद्घाटन के ट्रायल बेस पर जनता के लिए खोल दिया।

यह स्काईवॉक सेक्टर-51 (एक्वा लाइन) और सेक्टर-52 (ब्लू लाइन) मेट्रो स्टेशन को जोड़ता है। अब यात्रियों को दोनों स्टेशनों के बीच का रास्ता करीब पांच मिनट में तय करने की सुविधा मिलेगी। पहले उन्हें संकरे और भीड़भाड़ वाले रास्ते, ऑटो-ई-रिक्शा और सड़क किनारे विक्रेताओं के बीच से गुजरना पड़ता था।

पहले दिन 45 हजार से ज्यादा यात्रियों ने किया इस्तेमाल

स्काईवॉक शुरू होने के पहले ही दिन 45 हजार से अधिक यात्रियों ने इसका इस्तेमाल किया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों मेट्रो लाइनों के बीच इस कनेक्टिविटी की कितनी जरूरत थी। करीब 460 मीटर लंबा और छह मीटर चौड़ा स्काईवॉक पूरी तरह एसी है। इसमें हर 50 मीटर पर कुल 10 ट्रैवलेटर लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। गर्मी और बारिश में यह सुविधा खास तौर पर राहत देगी।

25 करोड़ से बढ़कर 33 करोड़ हुई लागत

स्काईवॉक का निर्माण मार्च 2023 में शुरू हुआ था और इसे छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य था। लेकिन तकनीकी और अन्य अड़चनों के चलते इसकी 10 डेडलाइन निकल गईं। इस दौरान परियोजना की लागत भी शुरुआती 25 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 33 करोड़ रुपये हो गई।

नोएडा अथॉरिटी की एसीईओ वंदना त्रिपाठी के मुताबिक, अभी इसे ट्रायल बेस पर खोला गया है। यात्रियों और तकनीकी टीम के फीडबैक के आधार पर जरूरी सुधार किए जाएंगे, जिसके बाद औपचारिक उद्घाटन हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!