September 5, 2026
[t4b-ticker]

ATS एडवांटेज सोसायटी में ऊपरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, मचा हड़कंप

0
ATS

स्कूल बस के पीछे से सोसायटी में दाखिल हुआ युवक, टावर-10 की 23वीं मंजिल तक पहुंचा

मोबाइल पर आई कॉल से हुई पहचान

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। इंदिरापुरम की ATS एडवांटेज सोसायटी में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक करीब 35 साल के युवक की ऊपरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मृतक नीतिखंड का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सुबह स्कूल बसें बच्चों को लेने के लिए सोसायटी के गेट पर पहुंची थीं। इसी दौरान युवक कथित तौर पर बस के पीछे से सोसायटी परिसर में दाखिल हो गया। इससे पहले उसके सड़क के बीच में घूमने और आसपास की अन्य सोसायटियों में प्रवेश का प्रयास करने की बात भी सामने आई है।

टावर नंबर-10 में पहुंचा, लिफ्ट से गया 23वीं मंजिल

सोसायटी में प्रवेश करने के बाद युवक सीधे टावर नंबर-10 में पहुंचा और लिफ्ट के जरिए 23वीं मंजिल तक गया। इसके बाद वह फर्स्ट फ्लोर की टेरेस पर गिर गया। युवक के गिरने की सूचना मिलते ही सोसायटी में अफरातफरी मच गई और मौके पर लोग जमा हो गए।

मोबाइल पर आ रही थी लगातार कॉल, पिता ने की पहचान

सोसायटी के AOA सचिव सुमित चौधरी के मुताबिक, युवक के पास मौजूद मोबाइल फोन घटना के बाद भी सुरक्षित था और उस पर लगातार एक कॉल आ रही थी। कॉल रिसीव करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को युवक का भाई बताया। उसे घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद मृतक के पिता सोसायटी पहुंचे और शव की पहचान की।

पिता से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक के सोसायटी में प्रवेश से लेकर उसके 23वीं मंजिल तक पहुंचने की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!