अनोखा विरोध: अधिकारी के सामने छोड़े आवारा कुत्ते!!
NEWS1UP
संवाददाता
नासिक/निफाड। आवारा कुत्तों के हमलों और नागरिक सुरक्षा को लेकर देशभर में छिड़ी बहस के बीच महाराष्ट्र के निफाड में विरोध का अनोखा तरीका सामने आया। यहां प्रदर्शनकारियों ने आवारा कुत्तों को ही नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचाकर प्रशासन के सामने खड़ा कर दिया।
युवा सेना के जिला प्रमुख विक्रम रांधवे, पार्षद रूपाली रांधवे और स्थानीय लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान वे कुत्तों को मुख्य अधिकारी धीरज भामरे के दफ्तर में ले गए और उनकी टेबल पर छोड़ दिया। अचानक कुत्तों के पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

निफाड में उठा वही सवाल, जो देश पूछ रहा है
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निफाड शहर और आसपास आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। कुत्तों के काटने की कई घटनाओं का भी उन्होंने दावा किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक नगर पंचायत को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य अधिकारी पर नागरिक समस्याओं के बजाय टेंडर प्रक्रिया पर अधिक ध्यान देने का आरोप लगाया।
शिकायतें कागज पर रहीं, समस्या दफ्तर पहुंच गई
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो इस बार समस्या को ही अधिकारी की टेबल तक पहुंचा दिया गया। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के आरोपों पर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
