तिलपता में बदहाली के खिलाफ बिगुल, 20 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना
जलभराव, जाम और टूटी सड़कों से त्रस्त ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। तिलपता गांव की जलभराव, गंदगी, खराब सड़क और कंटेनर डिपो से लगने वाले जाम व दुर्घटनाओं की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है। भारतीय किसान यूनियन मंच एवं ग्रामीणों ने एसडीएम दादरी को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की।
मंच के जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने कहा कि करीब पांच वर्षों से शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद समस्या जस की तस है। उन्होंने ऐलान किया कि 20 सितंबर से कंटेनर डिपो गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा।
भाकियू मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि समस्या का असर तिलपता ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और रोजाना गुजरने वाले हजारों लोगों पर पड़ रहा है। जिला उपाध्यक्ष सोनू भाटी ने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही, गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात से जाम और हादसों का खतरा बढ़ रहा है।
अनिल भाटी ने जल निकासी के अभाव में जलभराव व गंदगी की समस्या बताई, जबकि दिनेश प्रधान ने कहा कि लगातार अनदेखी के बाद ग्रामीण आंदोलन को मजबूर हैं। श्यामबाबू आर्य ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, जमीनी समाधान चाहिए।
भाकियू मंच ने जल निकासी, सड़क मरम्मत, सफाई, यातायात व्यवस्था और कंटेनर डिपो से जुड़े जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
इस दौरान शोबी भाटी, विकास प्रधान, राजेश पायलट, सुधीर भाटी, दीपक शर्मा, सुनील साहब, सुनील भाटी, मनोज शाह, जित्ती भाटी, भुप्पे नेता, बिज्जी भाटी, सचिन भाटी, रोहित भाटी, विनोद यादव, चिंकू यादव, विक्रान्त भाटी, सागर नंबरदार, अजब सिंह भाटी, अब्दुल कादिर, सोनू यादव बिसरख, ललित गौतम, अजय नागर, करन भनौता, रामनिवास यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
