गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की KDP ग्रैंड सवाना सोसाइटी में बिल्डर के खिलाफ शुक्रवार को एओए के नेतृत्व में धरना शुरू हो गया। एओए ने परियोजना की सुविधाओं और बिल्डर की जिम्मेदारियों से जुड़े कई मुद्दे उठाते हुए कंप्लीशन सर्टिफिकेट, गेस्ट हाउस, फायर NOC, करीब 9 करोड़ रुपये के IFMS, 500 KVA DG सेट और 2000 किलोवाट ट्रांसफॉर्मर की मांग की है।
धरने का एक प्रमुख मुद्दा परियोजना के गेस्ट हाउस को लेकर भी है। एओए अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी के अनुसार परियोजना के ब्रोशर और 10 फरवरी 2014 के DOD में कम्युनिटी हॉल और गेस्ट हाउस को सामान्य सुविधा के तौर पर दर्शाया गया था। एओए का आरोप है कि बाद में इसी स्थान को कथित तौर पर निजी संपत्ति में परिवर्तित कर ‘N-111’ के नाम से 4 BHK के रूप में विकसित किया जा रहा है।

एसोसिएशन ने इस मामले में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मौके की वास्तविक पैमाइश कराने और उसे मूल स्वीकृत नक्शे व परियोजना दस्तावेजों से मिलाने की मांग की है।
धरने में फायर NOC का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। इसके अलावा एओए करीब 9 करोड़ रुपये के IFMS को लेकर भी बिल्डर से हिसाब और निवासियों की उक्त राशि को वापस करने की मांग कर रही है। सोसाइटी में 500 KVA DG सेट और 2000 KW ट्रांसफॉर्मर की भी मांग की गयी है। ।
एओए का कहना है कि ये सभी मुद्दे सीधे सोसाइटी के निवासियों की सुविधाओं, सुरक्षा और उनके वित्तीय हितों से जुड़े हैं। एसोसिएशन ने संबंधित अधिकारियों से दस्तावेजों और मौके की स्थिति की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।
धरने में दीपक अग्रवाल, हिम्मत सिंह, राकेश चौहान, मोहित गर्ग, अखिलेश कुमार, विनय चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, सुधांशु श्रीवास्तव, अजय अग्रवाल, एस.एन. सिंह, नीलम, सुनील शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, विशाल वोहरा, एम.पी. गुप्ता, दिग्विजय सिंह, अजय रस्तोगी, राजकुमार चौधरी, एस.के. गुप्ता, करमवीर डोगरा, मयंक, श्रीनिवास राजोरिया, जवाहर यादव, मनोज बजाज, विकास, डी.के. शर्मा, राजेश शर्मा, ए.के. बंसल, तरुण राय, सचिन पालीवाल, अश्वनी पाल और राहुल बलियान आदि शामिल रहे।