September 24, 2026
[t4b-ticker]

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

0
F

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बस नंबर BR-32 PA 8647 में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह स्लीपर बस कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा के लिए जा रही थी। यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास, थाना जेवर क्षेत्र में अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 9 यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। 

घटना के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री जान बचाने के लिए बस से कूद गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगने के समय कई यात्री सो रहे थे। अचानक धुआं भरने से यात्रियों को बाहर निकलने में भारी परेशानी हुई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह आपात स्थिति में बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग आग और धुएं की चपेट में आ गए।

सोते यात्रियों के बीच मची चीख-पुकार

हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास हुआ। ज्यादातर यात्री उस समय सो रहे थे। अचानक बस में आग और धुआं फैलने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं इतना घना था कि यात्रियों को बाहर निकलने का रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा था। कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।

आग कैसे लगी ? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बस के एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका सामने आई है, हालांकि आग की अंतिम वजह की जांच जारी है। कुछ रिपोर्टों में यात्रियों द्वारा पहले जलने की गंध महसूस किए जाने और चालक-परिचालक को इसकी जानकारी देने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।

मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमें

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

CM योगी और PM मोदी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!