जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी, चालकों को 5 लाख की सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का किया शुभारंभ
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। भारत टैक्सी से टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे और उन्हें ₹5 लाख की सामाजिक सुरक्षा मिलेगी। फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में सेवा शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि चालकों के लिए रोजगार और सामाजिक सुरक्षा का नया माध्यम है। उन्होंने परिवहन विभाग को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकें। महाकुंभ-2025 में रैपिडो सेवा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को सुविधा मिली और यातायात भी प्रभावित नहीं हुआ।

किसानों के लिए ब्याज दर 11 से घटकर 6 प्रतिशत
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है। सरकार ने आगामी वर्षों में 5 लाख लघु एवं सीमांत किसानों को दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। यह ऋण खेती और कृषि मशीनरी की जरूरतों के लिए मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल एप और यूपीसीडीसी मोबाइल एप का भी शुभारंभ किया।
2017 से पहले खराब थी कानून-व्यवस्था: योगी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर विपक्षी सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस दौर में वाहन चोरी और सड़क सुरक्षा बड़ी समस्याएं थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में प्रदेश में 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कनेक्टिविटी में भी बड़ा सुधार हुआ है।
योगी ने बताया कि 2017 के बाद 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों के ₹36 हजार करोड़ से अधिक के ऋण माफ किए गए। वहीं पिछले करीब नौ वर्षों में किसानों को ₹3.30 लाख करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान किए जाने का दावा किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
