वीरता पदक से सम्मानित हुए यूपी के जांबाज, गौतमबुद्ध नगर-गाजियाबाद के पुलिसकर्मियों का भी बढ़ा मान
गौतमबुद्ध नगर के एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह को राष्ट्रपति वीरता पदक, गाजियाबाद के नीरज पाल-संदीप कुमार भी सम्मानित
निरीक्षक मनीष बिष्ट को मिला मुख्यमंत्री वीरता पदक

NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया।इस समारोह में गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद कमिश्नरेट से जुड़े पुलिसकर्मियों की मौजूदगी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर घोषित राष्ट्रपति वीरता पदक से कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। इसी श्रेणी में कमिश्नरेट गाजियाबाद के आरक्षी नीरज कुमार पाल और संदीप कुमार भी सम्मानित हुए।
वहीं, गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित मुख्यमंत्री वीरता पदक से कमिश्नरेट गाजियाबाद के निरीक्षक मनीष बिष्ट को अलंकृत किया गया। गाजियाबाद से जुड़े इन पुलिसकर्मियों का सम्मान प्रदेश पुलिस के वीरता पदक समारोह में जिले की उल्लेखनीय भागीदारी को सामने लाता है।
शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की पत्नी को सम्मान

कार्यक्रम में पुलिस सेवा के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को मुख्यमंत्री ने नगद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। निरीक्षक सुनील कुमार ने 20 जनवरी 2025 को शामली के झिंझाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार अपराधियों को मार गिराने के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया था। कर्तव्य पालन के दौरान वह वीरगति को प्राप्त हुए थे। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी।
पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने के साथ पुलिस सेवा, साहस और पुलिस सुधार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
एनसीआर के दो जिलों की खास मौजूदगी
लखनऊ में आयोजित इस प्रदेश स्तरीय समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, एसटीएफ, पीएसी और पुलिस कमिश्नरेट से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित हुए। इनमें गौतमबुद्ध नगर से स्वतंत्र कुमार सिंह तथा गाजियाबाद से नीरज कुमार पाल, संदीप कुमार और मनीष बिष्ट का सम्मान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।
