ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, धू-धू कर जली बस! 15 दिन में तीसरी घटना!
आगरा जा रही थी बस, सभी यात्री सुरक्षित
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नोएडा। ग्रेटर नोएडा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और धू-धू कर जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
गनीमत रही कि समय रहते बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस वजह से हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर हुई। बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, बस में आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

15 दिन में बस में आग की तीसरी घटना
ग्रेटर नोएडा और आसपास के एक्सप्रेसवे पर बसों में आग लगने की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 15 दिनों में बस में आग लगने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।
इससे पहले 26 सितंबर की देर रात ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस में अचानक आग लग गई थी। घटना के समय बस के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी।
24 सितंबर को यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ था बड़ा हादसा, 9 की मौत
वहीं, 24 सितंबर को यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई थी। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की थी। इस दर्दनाक हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच अब स्लीपर बसों की सुरक्षा, फायर सेफ्टी व्यवस्था और आपातकालीन निकासी इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
